उत्तर प्रदेश में यूथ कांग्रेस ने शुरू किया बेरोजगारी के खिलाफ नौकरी संवाद

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
प्रदेश Published On :


उत्तर प्रदेश में युवा कांग्रेस ने आज प्रदेश मुख्यालय पर राष्ट्रीय युवा दिवस के दिन नौकरी संवाद की शुरुआत की। नौकरी संवाद में प्रदेश भर से आये नौजवानों ने अपनी व्यथा बताई। युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश में बेरोजगार नौजवानों के बीच ब्लाक स्तर पर नौकरी संवाद करके नौजवानों को जोड़ेगी। इस अभियान के तहत युवा  कांग्रेस के कार्यकर्ता गांव-गांव जाएंगे और बेरोजगारों को इस अभियान से जोड़ेंगे।

युवा दिवस और काँग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के अवसर पर उ0प्र0 युवा कांग्रेस द्वारा आज से नौकरी संवाद अभियान प्रारंभ किया गया। इस अभियान के द्वारा यूथ कांग्रेस उत्तर प्रदेश के करोड़ो बेरोजगार युवाओं से मिलकर उनसे जुड़ने का संकल्प लिया।

इस अभियान के तहत यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के हर जिले में जाकर बेरोजगार नौजवानों को जोड़ेंगे और युवाओं की शक्ति को संघठित करके उत्तर प्रदेश को एक बेहतर प्रदेश बनाने के संकल्प पर कार्यरत होंगे।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी अपनी युवा शक्ति की वजह से भारत का केन्द्र बिन्दु हुआ करता था आज कई दशक की निकम्मी सरकारों की वजह से बेरोजगारी और प्रवासी मजदूरों की राजधानी बन गयी है।

उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कनिष्क पाण्डेय ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जहाँ एक तरफ लाखों युवा अपनी नौकरियों में चयन का इंतजार कर रहे हैं वहीं करोड़ों युवा किसी भी तरह के रोजगार पाने से वंचित हैं। युवा कांग्रेस पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ओमवीर यादव ने पोस्टर के जरिये इस अभियान के बारे में बताया।

इसके साथ ही नौकरी अभियान प्रोग्राम लॉन्चिंग में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश की स्थिति यह है कि जनता शमशान से लेकर मंदिर तक कहीं भी सुरक्षित नहीं है। बदायूं में 50 साल की महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या की घटना भी इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है। बदायूं और हाथरस कांड ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की कानून व्यवस्था को जनता के सामने नंगा कर दिया है।

उद्घाटन कार्यक्रम में नेता विधान परिषद दल दीपक सिंह ने कहा कि युवा, कांग्रेस की ओर देख रहा है और प्रियंका जी के नेतृत्व में बेरोजगारी के मुद्दे पर गूंगी, बहरी सरकार को सही जवाब देंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि युवा की बेरोजगारी सरकार की कुनीतियों के कारण है क्योंकि बिना पॉलिसी की सरकार युवाओं को लाचार कर रही है।

इस कार्यक्रम में जनता में बैठे आदित्य रॉय, सूरज, मोहम्मद दानिश, दीपक, जय सत्यार्थ जैसे इंजीनियर, बीपीएड, पोस्टग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं ने भी अपनी बात कही, कार्यक्रम का संचालन अभिनव तिवारी ने किया। इस कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों के साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।


विज्ञप्ति पर आधारित


Related