बिहार: मानदेय को लेकर 25-26 मार्च को आशा कार्यकर्ताओं की राज्यव्यापी हड़ताल- शशि यादव

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
प्रदेश Published On :


‘आशा संयुक्त मोर्चा’ के तत्वाधान में आशा कार्यकर्ता नीतीश सरकार की वादाखिलाफी, हकमारी व सरकारी उपेक्षा से आक्रोशित आज दूसरे दिन भी गर्दनीबाग धरनास्थल पर जमीं रहीं। आशा कार्यकर्ताओं की नेता शशि यादव ने आज अपने संबोधन में कहा कि यदि सरकार अपना अड़ियल रवैया नहीं छोड़ती है, वार्ता की पेशकश नहीं करती है तो आगामी 25-26 मार्च को आशा कार्यकर्ताओं की राज्यव्यापी हड़ताल होगी। यदि सरकार तब भी हमारी मांगों पर विचार नहीं करती है तो हम अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे। हम सरकार के विश्वासघात को कत्तई बर्दाश्त नहीं करेंगे।

आज के कार्यक्रम में ऐपवा की महासचिव मीना तिवारी, उषा सिंह, तरन्नुम, फैजी, जुली, मालती राम आदि वक्ताओं ने आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि आशा कार्यकर्ता बिहार में ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और उन्हीं की मेहनत का नतीजा है कि राज्य में टीकाकरण की प्रगति बेहतर हुई है। जच्चा-बच्चा मृत्यु दर में गिरावट हुई है, संस्थागत प्रसव बढ़ा है। कोरोना काल में भी आशा कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय भूमिका रही है। इसके बावजूद सरकार उन्हें स्वास्थ्य कर्मचारी के बतौर न्यूनतम मासिक मानदेय तक नहीं दे रही है।

आशा नेताओं ने कहा कि 1000 में दम नहीं 21000 मासिक मानदेय देना होगा, आशा को सरकारी कर्मी घोषित करो, सभी आशाओं का सेवा रिकाॅर्ड स्थापित करना होगा, सभी काम का अलग-अलग मेहनताना समय भुगतान करने आदि मांगों पर गर्दनीबाग में हजारों आशा कर्मियों ने आशा संयुक्त संघर्ष मंच के आह्वान पर जारी यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जबतक सरकार हमारी मांगें मान नहीं लेती।