लखीमपुर नरसंहार: आशीष मिश्रा गिरफ्तार, 26 को लखनऊ में किसान महापंचायत, 10 को बनारस में शंखनाद करेंगी प्रियंका गांधी!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
प्रदेश Published On :


लखीमपुर हिंसा में किसानों समेत 8 लोगो को जीप से कुचलने के मुख्य आरोपी केंद्रीय गृह राज्यमंत्री मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्रा को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में विपक्ष काफी हमलावर था। दिल्ली में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग है कि मंत्री अजय मिश्र इस्तीफा दें।

इस दौरान  संयुक्त किसान मोर्चा ने भी लखीमपुर खीरी हिंसा के विरोध में महापंचायत करने की घोषणा की है। 26 अक्तूबर को लखनऊ में किसान मोर्चा महापंचायत करेगा। वहीं लखीमपुर खीरी में हुई घटना के विरोध में किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 15 अक्तूबर को पुतला दहन होगा। 18 अक्तूबर को 6 घंटे ट्रेन रोकी जाएगी। साथ ही अजय मिश्र के इस्तीफे की और आशीष मिश्र की गिरफ्तारी की मांग की है। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता योगेंद्र यादव ने भी कहा है कि हिंसा के विरोध में 15 अक्तूबर को दशहरा पर पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंकेंगे।

कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली का नाम अब किसान न्याय रैली

लखीमपुर घटना के मद्दे नज़र कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को किसानों के मुद्दे पर न्याय की आवाज़ उठाएंगी। 10 अक्तूबर को रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज में होने वाली प्रतिज्ञा रैली को कांग्रेस ने किसान न्याय रैली नाम दे दिया है। किसान न्याय रैली किसानों को न्याय दिलाने और उनकी लड़ाई पर केंद्रित होगी।

अखिलेश बोले -आने वाले समय में बीजेपी का सफाया!

इस घटना पर अखिलेश यादव भी लगातार बीजेपी सरकार पर आक्रामक है। अखिलेश ने सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार अभी भी सो रही है। सरकार अभी भी दोषियों को बचाना चाहती है। ये सरकार केवल ताकतवर लोगों के लिए है, किसानों के लिए ये सरकार नहीं है। जनता ये सब देख रही है, आने वाले समय में बीजेपी का सफाया होगा।

 


Related