किसान आंदोलन: सिंघू बॉर्डर पर फंदे से लटका मिला किसान! हत्या या आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच..

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
आंदोलन Published On :


राजधानी की सीमाओं पर कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। इसी बीच बुधवार को कुंडली बॉर्डर पर सुशांत सिटी के पास एक किसान का शव नीम के पेड़ पर लटका मिला। मामले की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, मृतक किसान का नाम गुरप्रीत सिंह है। वह पंजाब के फतेहगढ़ साहिब की अमरोह तहसील के रुड़की गांव का रहने वाला था। गुरप्रीत किसानों के प्रदर्शन में शामिल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है।

मृतक किसान गुरप्रीत सिंह भारतीय किसान संघ और संयुक्त किसान मोर्चा के प्रमुख नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल के संगठन का सदस्य था। वह अपने गांव की ट्रॉली में अकेला रह रहा था। हालांकि अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि किसान ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई है। 10 नवंबर की सुबह वह पास के नीम के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। साथी किसानों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही है। इस घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता लगेगा।