राहुल ने कहा- मैं किसानों के साथ हूं! प्रियंका बोलीं- किसानों को तोड़ने वाले देशद्रोही!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
राजनीति Published On :


मोदी सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों की किसान गणतंत्र परेड के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा के बाद आज गाजीपुर बॉर्डर पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने किसानों के आंदोलन का समर्थन किया है। राहुल गांधी ने कहा कि वो किसानों और उनके शांतिपूर्ण आंदोलन के साथ हैं, वहीं प्रियंका गांधी ने कहा कि किसान देश का हित हैं। जो उन्हें तोड़ना चाहते हैं- वे देशद्रोही हैं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि एक साइड चुनने का समय है। मेरा फ़ैसला साफ़ है। मैं लोकतंत्र के साथ हूँ, मैं किसानों और उनके शांतिपूर्ण आंदोलन के साथ हूँ।

वहीं कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि कल आधी रात में लाठी से किसान आंदोलन को ख़त्म करने की कोशिश की। आज गाजीपुर, सिंघू बॉर्डर पर किसानों को धमकाया जा रहा है। यह लोकतंत्र के हर नियम के विपरीत है। कांग्रेस किसानों के साथ इस संघर्ष में खड़ी रहेगी। किसान देश का हित हैं। जो उन्हें तोड़ना चाहते हैं- वे देशद्रोही हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि हिंसक तत्वों पर सख़्त कार्यवाही की जाए लेकिन जो किसान शांति से महीनो से संघर्ष कर रहे हैं, उनके साथ देश की जनता की पूरी शक्ति खड़ी है।

बता दें कि दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसानों के आंदोलन पर सरकार कार्रवाई की तैयारी में है। गाजीपुर बॉर्डर में धारा 144  लगा दी गई है। प्रदर्शनकारियों को ले जाने के लिए बसें लाई गईं हैं। RAF और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। वज्र वाहन भी लाए गए हैं। वहीं, किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि वो अपना आंदोलन जारी रखेंगे।