शहीद दिवस: 23 मार्च को दिल्ली बॉर्डर्स पर युवाओं की कॉन्फ्रेंस, देशभर के युवा शामिल होंगे!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


मोदी सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ और एमएसपी की गारंटी का कानून बनाने की मांग को लेकर दिल्ली के बॉर्डर्स पर चल रहा किसान आंदोलन आज 117वें दिन भी जारी रहा। वहीं देशभर में किसान महापंचायतों, किसान-मजदूर महासम्मेलनों और पदयात्राओं का दौर भी जारी है।

वहीं भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस 23 मार्च को दिल्ली के बोर्डर्स पर युवाओं की बड़ी कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। सभी धरनास्थलों पर देशभर से युवा पहुंच रहे हैं। सुबह 11 बजे शुरू होने वाले इन कार्यक्रमों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जहां भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के विचारों पर प्रकाश डाला जाएगा। यह शहीदी दिवस किसानों को समर्पित होगा, जिसमें किसान-मजदूर के शोषण पर भगतसिंह के विचारों को समझा जाएगा व आन्दोलन को और मजबूत किया जाएगा।

इसके तहत खटकड़ कलां, हिसार और मथुरा से चली पदयात्राएं दिल्ली की सीमाओं पर पहुंच रही हैं। इन यात्राओं को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। इन पद यात्राओं के जरिए 26 मार्च के पूर्ण भारत बंद के संदेश भी जनता तक पहुचाया जा रहा है।

इस बीच ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ ने कहा है भाजपा सरकार अपनी असफलता का ठीकरा किसानों पर फोड़ना चाहती है। दरअअसल वो किसान आंदोलन का हल निकालने की बजाय किसानों पर दोषारोपण कर रही है। मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि फोन कॉल की दूरी किसानों को तय करनी चाहिए। हम फिर से स्पष्ट करते है कि सरकार सही वातावरण में बातचीत का प्रस्ताव भेजे, किसान नेता बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है।

आज कर्नाटक की राजधानी बैंगलोर में विधानसभा मार्च निकाला गया जिसमें ‘सयुंक्त किसान मोर्चा’ के नेताओ ने भाग लिया। राज्य के कृषि मंत्री ने किसानों से मिलकर उनका ज्ञापन लिया।

खुईयां टोल प्लाजा डबवाली सिरसा में हजारों किसानों व मजदूर महासम्मेलन में पहुंचे। किसान नेता गुरनाम सिंह चढूंनी, बलदेव सिंह सिरसा, अभिमन्यु कोहाड़, लखविंदर सिंह सिरसा एसपी मसीता और कई कलाकारों ने अपने विचार रखे। किसान आंदोलन के समर्थन में व शहीद भगतसिंह की याद में हरियाणा के रेवाड़ी में AIDSO के युवाओ द्वारा बाइक रैली निकाली गयी।

उतराखण्ड से निकली किसान मजदूर जागृति यात्रा गुरुद्वारा पुवया से चलकर निगोही, शाहजहांपुर, बरेली मोड़ होते हुए गुरुद्वारा बंथरा जनपद शाहजहांपुर पहुंची। रास्ते भर में जगह जगह अपार समूह ने जागृति मार्च का अभिवादन व स्वागत किया।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रविवार को ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ के आह्वान पर एक महापंचायत आयोजन किया गया, जिसमें हरपाल सिंह बिलारी, योगेंद्र यादव, प्रेम सिंह, पहलाद सिंह पूनिया, योगेंद्र सिरोही, राजीव तेवतिया, हरीश हुण प्रताप सिंह साही समेत कई किसान नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने सभा को संबोधित किया।

बिहार के रोहतार जिले में आज एक बडी किसान महापंचायत आयोजित की गई। इस महापंचायत को ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ के नेता योगेंद्र यादव, कन्हैया कुमार समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। योगेंद्र यादव ने कहा कि पहले मीडिया के जरिए बदनाम करने, फिर स्थानीय लोगों के नाम पर पुलिस के संरक्षण में गुंडों के हमले, ऊपर से किसानों के खिलाफ मुकदमे ठोककर सत्ताधारियों ने सोचा कि आंदोलन को रातोंरात खत्म कर दिया जाएगा। लेकिन अब किसान आंदोलन दक्षिण और पूर्व भारत तक फैल रहा है।