आंदोलन स्थल से घर वापसी के दौरान 2 किसानों की मौत, ट्रक ने मारी टक्कर कई घायल!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


लंबे संघर्ष के बाद आज जब किसानों के लिए खुशी का मौका था और वह अपने घर लौट रहे थे। तो इसी बीच कुछ किसान एक दुर्घटना का शिकार हो गए। शनिवार की सुबह टिकरी सीमा आंदोलन स्थल से लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग 9 (National Highway) पर पंजाब के किसानों के वाहन का हिसार में एक्सीडेंट हो गया, जिसमे दो की मौत हो गई और 7 घायल हो गए। एक साल से चल रहे आंदोलन में करीब 700 किसानों ने अपनी जान गवाई और आज जब आंदोलन खत्म हुआ तब भी किसानों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।

नेशनल हाइवे-9 पर ट्रक ने मारी टक्कर..

आज किसानों ने घर वापसी का ऐलान किया था। कुछ किसान आंदोलन स्थल से ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने घर पंजाब की ओर लौट रहे थे। तभी रास्ते में गांव ढंडूर के पास नेशनल हाइवे-9 पर पीछे से आ रहे ट्रक (PB22K8852) ने उनके वाहन को टक्कर मार दी, जिसके बाद मौके पर ही सुखदेव सिंह नाम के एक किसान की मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल हुए अजय प्रीत नाम के एक किसान की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह दोनों मृतक किसान मुक्तसर जिले के बताये जा रहे है। इस हादसे में 7 किसान घायल भी हुए हैं। सभी घायल किसानों का इलाज हिसार के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।