सीने में था दर्द, जाँच कराया तो मिला दिल में सीमेंट का टुकड़ा!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


कभी-कभी सीने में दर्द होना कोई नई बात नही है। अक्सर कई लोगो के साथ ऐसा होता है कि सीने में दर्द होती है और डॉक्टर को दिखाने के बाद कोई घबराने वाली बात सामने नही मिलती, लेकिन इससे विपरीत एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक 56 वर्षीय व्यक्ति को सीने में दर्द हुआ और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की एक टीम ने जब उस शख्स की जांच की तो बेहद अजीब और डरावनी बात सामने आई। आदमी के दिल में सीमेंट का एक तीव्र और बड़ा टुकड़ा फंसा हुआ दिखाई दिया।

पूरा मामला…

फोर्ब्स की एक ऑनलाइन रिपोर्ट के मुताबिक ‘न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन’ के एक शोध पत्र में इस मामले का जिक्र किया गया है। यह शख्स यूरोप का है। जब उनके सीने में तेज़ दर्द हुआ तो वे डॉक्टर के पास गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने तुरंत उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया, वहां भी जांच की गई, जांच के बाद डॉक्टर हैरान रह गए। डॉक्टरों की टीम ने पाया कि शख्स के दिल और फेफड़ों के बीच एक चीरती हुई नुकीली चीज़ फंसी हुई है। डॉक्टरों ने पाया कि यह नुकीली चीज सीमेंट का एक टुकड़ा है। इससे व्यक्ति के दिल में छेद हो गया था। उसके बाद तय हुआ कि सर्जरी की जाएगी।

कैसे गया सीमेंट का टुकड़ा दिल तक..

यह टुकड़ा वहां कैसे पहुंचा। इसकी पूरी प्रक्रिया रिपोर्ट में बताई गई है। ऑस्टियोपोरोसिस बीमारी के कारण व्यक्ति के शरीर में रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। इस समस्या को ठीक करने के लिए डॉक्टरों ने कुछ समय पहले काइफोप्लास्टी की थी। इस प्रक्रिया में रीढ़ की हड्डी में एक विशेष प्रकार का सीमेंट डाला जाता है, जिससे हड्डी की लंबाई पहले की तरह हो जाती है। इस शख्स के केस में यहीं से सीमेंट का एक टुकड़ा निकलकर नसों में चला गया। नसों में से होता हुआ शख्स के दिल की दीवार में धंस गया और फेफड़े में भी छेद कर दिया। इसी कारण से व्यक्ति को सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हो रही थी और सीने में दर्द था। इस सीमेंट के टुकड़े की लंबाई करीब दस सेमी थी। फिलहाल सर्जरी के ज़रिए डॉक्टरों ने इस टुकड़े हो निकाल दिया है।