सबसे बड़े गुंडे को कलक्टर बना रखा है मुख्यमंत्री योगी ने: भूपेश बघेल

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


यूपी के लखीमपुर खीरी में कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में पहुंचे छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने रैली को संबोधित करने हुए खीरी जिला प्रशासन पर शर्तों के साथ उनके कार्यक्रम की अनुमति देने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने लखीमपुर के कलेक्टर को योगी सरकार का गुंडा बताया। उन्होंने कहा कि कलेक्टर ने उन्हें इस शर्त पर अनुमति दी थी कि वह अपने कार्यक्रम में लखीमपुर खीरी  और गृह राज्य मंत्री के बारे में बात नहीं करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर लोगों का शोषण करने का भी आरोप लगाया है।

2022 में कांग्रेस सरकार आई तो छत्तीसगढ़ की तर्ज पर यूपी का विकास..

उन्होंने कहा, भाजपा सरकार में महंगाई बढ़ गई, किसानों की हत्याएं हो रही हैं। भाजपा सरकार लोगों का शोषण कर रही है। 2022 में कांग्रेस की सरकार आई तो छत्तीसगढ़ की तर्ज पर यूपी का विकास किया जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान बताया कि कांग्रेस को लखीमपुर में जनसभा करने के लिए रोका गया। लखीमपुर के कलेक्टर ने वहां जनसभा की इजाज़त देने से इंकार कर दिया था। भूपेश बघेल ने खीरी के जिला प्रशासन पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।

कलेक्टर ने किसान, लखीमपुर, मंत्री टेनी के बारे बात करने से मना किया…

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहे थे, तो कलेक्टर ने कहा आप यहां सभा नहीं कर सकते। जब हमने दबाव डाला तो उन्होंने कहा कि कार्यक्रम कर सकते हैं लेकिन लखीमपुर खीरी की घटना का उल्लेख नहीं कर सकते, आप किसानों की बात नहीं कर सकता। अजय मिश्र टेनी पर बसते हुए बघेल बोले, जिन्होंने किसानों के सीने पर गाड़ियां चढ़ा दी औंर जान ले ली उस मंत्री के बेटे के बारे में बात करने के लिए भी कलेक्टर ने मना किया। बघेल कहा मैं किसान के खानदान से आता हूं। गांव का रहने वाला हूं। कांग्रेस पार्टी ने अवसर दिया, तो मुख्यमंत्री बन गया। अगर मैं किसानों की बात नहीं करूंगा तो किसकी बात करूंगा? उन्होंने कहा यह प्रजातंत्र है कि क्या है?

योगी जी….सबसे बड़ा गुंडा यहां आप ने कलेक्टर को बना रखा है…

बघेल ने यूपी सरकार को घेरते हुए कहा, एक तरफ भाजपा के मुख्यमंत्री कहते हैं कि हमने गुंडाराज समाप्त कर दिया। उन्होंने सरकार पर बरसते हुए आरोप लगाते हुए कहा कि योगी जी….सबसे बड़ा गुंडा यहां आप ने कलेक्टर को बनाकर रखा है, जो यह फरमान जारी करता है कि मुख्यमंत्री यहां आकर बात नहीं कर सकते। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस देश में लोकतंत्र है या यहां मजाक बना कर रखा है? क्या तानाशाही चल रही है? क्या गुंडागर्दी चल रही है? क्या योगी जी ने इमरजेंसी लगा रखी है? जो इस मंच पर हम किसानों की बात नहीं कर सकते। शहीद किसानों के परिवार वालों से नहीं मिल सकते।

किसानों की बात कर ली, अब जो करना है कर लो..

मुख्यमंत्री बघेल ने योगी सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि हमने तो किसानों की बात कर ली साहब….अब आप में जो ताकत है आप कर लीजिए भूपेश बघेल यहां खड़ा हुआ है। मैं किसान हूं किसान की बात करूंगा। मुझे कोई ताकत नहीं रोक सकती। अगर लिखित लेना था तो मुझसे लेते, मेरे कार्यकर्ता से लिखित ले रहे हैं कि बात नहीं कर सकते। सीएम भूपेश बघेल के इस बयान को यूपी कांग्रेस ने अपने ट्वीट पर भी साझा किया है।


Related