शरद यादव ने बनाया ‘लोकतांत्रिक जनता दल’, 18 मई को दिल्ली में सम्मेलन

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


नीतीश कुमार के बीजेपी प्रेम से नाराज़ होकर  जनता दल(युनाइटेड) छोड़ने वाले शरद यादव ने नई पार्टी का गठन किया है। नाम है-लोकतांत्रिक जनता दल। इस पार्टी का पहले सम्मेलन 18 मई को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होगा। शरद यादव इन दिनों विपक्ष के चाणक्य बने हुए हैं और 2019 में केंद्र से बीजेपी को हटाने की कोशिशों के प्रमुख रणनीतिकार हैं।

लोकतांत्रिक जनता दल  की ओर से  जारी विज्ञप्ति में कहा  गया है –

देश संविधानिक संकट से गुजर रहा है। लोकतंत्र के चारो खंबे विधायका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और पत्रकारिता पर संकट के बादल छा रहे हैं। संविधानिक लोकतंत्र पूर्णतः ध्वस्त होने की स्थिति में है। वर्तमान संसदीय प्रणाली में राजनैतिक दल भी इस संविधानिक संकट और आंतरिक संकट से जूझ रहे हैं। भारत के समाजवादी आन्दोलन का इतिहास देश की आजादी और समतामूलक समाज के निर्माण के साथ शुरू हुआ था और आजादी के पश्चात आजादी आन्दोलन के मूल्यों एवं संविधानिक लोकतंत्र के मूल्यों के प्रति समर्पित रहा है। भारत में समाजवादी आन्दोलन का इतिहास अपने स्थापना काल से ही कई धाराओं के मिलन और बिखराव के दौर से गुजरता रहा है। इसी धारा की अगली कड़ी में 1980 के दशक में विभिन्न धाराओं को मिलाकर जनता दल का निर्माण किया गया था लेकिन जनता दल भी मिलन और बिखराव के दौर से गुजरता रहा है।

वर्तमान में देश के सामने उत्पन्न चुनौतियों, लोकतान्त्रिक, संविधानिक मूल्यों और आजादी आन्दोलन के मूल्यों की रक्षा के लिए एक मजबूत राजनैतिक विकल्प की आवश्यकता है और इसी ऐतिहासिक आवश्यकता की पूर्ति के लिए देश की कई सामाजिक, राजनैतिक एवं जनआन्दोलनों की धाराओं को मिलाकर लोकतान्त्रिक जनता दल का निर्माण किया है जिसका राष्ट्रीय सम्मेलन 18 मई, 2018 को प्रातः 10 बजे से तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित किया है। जिसमें विभिन्न राजनैतिक पार्टियों के नेताओं, समाजवादी आन्दोलन के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा जनआंदोलन के नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

हमारे इतिहास और भविष्य के लिए इस पार्टी का निर्माण किया गया है।

भवदीय,

(प्रोफेसर सुशीला मोराले)

राष्ट्रीय महासचिव,

लोकतांत्रिक जनता दल



 


Related