पूरे उत्तर भारत में भीषण सर्दी जारी: मैदानी इलाकों में शीतलहर, दिल्ली में पॉल्यूशन और ठंड की दोहरी मार!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। पूरे उत्तर भारत में सर्दी (North India Cold) का कहर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, लेह में पिछले 24 घंटों में माइनस 12.4 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, यूपी, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न इलाकों को अगले 2 दिनों के दौरान शीत लहर का सामना करना पड़ सकता है।

पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में ऐसा रहेगा हाल..

साथ ही अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, सौराष्ट्र और कच्छ, तेलंगाना, बिहार, झारखंड में भी ठंड बढ़ सकती है। 23 से 26 दिसंबर तक पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे की चादर देखी जाने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस ठंड के कहर में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 24 से 29 दिसंबर के बीच बर्फबारी और 26 से 29 दिसंबर को मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।

दिल्ली में ठंड के साथ पॉल्यूशन…

वहीं, राजधानी दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने के असर हैं। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती ठंड और कोहरे के बीच हवा की गुणवत्ता भी एक बार फिर खराब कैटेगरी में पहुंच गई है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के अनुसार, राजधानी का आज यानी 22 दिसंबर का AQI 385 दर्ज किया गया है। जबकि नोएडा में हवा की गुणवत्ता क्रिटिकल कैटेगरी में पहुंच गई है, और यह 507 दर्ज किया गया है। वहीं गुरुग्राम का AQI 319 था।


Related