SPG हटने के बाद प्रियंका गांधी की सुरक्षा में सेंध, सेल्फी लेने के लिए घर में घुसे लोग !

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :

फाइल फोटो


बीते महीने केंद्र सरकार द्वारा एसपीजी सुरक्षा हटा लेने के बाद प्रियंका गांधी की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है। 26 नंवबर को करीब 2 बजे उनके घर में एक अनजान गाड़ी घुस आई, जिसमें कई लोग सवार थे।

सोमवार को सूत्रों के हवाले से बताया गया कि यह घटना एक सप्ताह पहले की है। कुछ लोगों ने न सिर्फ बिना अनुमति प्रियंका गांधी के घर में प्रवेश किया बल्कि उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश भी की। इस मामले में सीआरपीएफ से शिकायत की गई है। जांच जारी है।

खबर के मुताबिक प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास के भीतर तीन महिला और तीन पुरुष एक बच्चे के साथ घुस आए थे।

जब वो गाड़ी से उतरे तो प्रियंका गांधी उनसे मिलीं और पूछा कि आखिर वो कहां से आ रहे हैं? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वो प्रियंका गांधी के फैन हैं और उनसे मिलने के लिए आए हैं।

इस खबर पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी.किशन रेड्डी ने कहा कि उन्हें प्रियंका गांधी की सुरक्षा में सेंध की कोई खबर नहीं है। वे इस बारे में अधिकारियों से जानकारी लेंगे।

प्रियंका गांधी की सुरक्षा की जिम्मेदारी अभी सीआरपीएफ संभाल रही है। गौरतलब है कि केंद्र ने पिछले महीने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के परिवार से एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) सुरक्षा वापस ले ली थी और उसके स्थान पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा मुहैया कराई थी।


Related