राजीव कुमार होंगे देश के अगले मुख्य चुनाव आयुक्त, राष्ट्रपति ने किया नियुक्त

मयंक सक्सेना मयंक सक्सेना
ख़बर Published On :


बिहार-झारखंड काडर के आईएएस राजीव कुमार, भारत के अगले मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। वे 15 मई, 2022 से, ये पद आधिकारिक तौर पर ग्रहण करेंगे। उनको भारत के राष्ट्रपति ने आधिकारिक तौर पर, उनके नियुक्ति पत्र को जारी कर के, इस पद पर नियुक्त कर दिया है। सरकार की ओर से जारी किए एक नोटिफिकेशन में सूचना दी गई है कि राजीव कुमार 15 मई से चीफ इलेक्शन कमीशन कमीश्नर का पद संभालेंगे। ये घोषणा केंद्रीय कानून मंत्री किरन रिजिजू ने की और इस बाबत एक ट्वीट करते हुए, राष्ट्रपति द्वारा जारी किया गया नियुक्ति पत्र साझा किया। रिजिजू ने लिखा, “संविधान के अनुच्छेद 324 के क्लॉज़ 2 के तहत, राष्ट्रपति को श्री राजीव कुमार को 15 मई, 2022 से प्रभावी तौर पर भारत का मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त करते हुए, प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। श्री राजीव कुमार को मेरी शुभकामनाएं..”

राजीव कुमार, वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा की जगह लेंगे। वर्तमान सीईसी सुशील चंद्रा का कार्यकाल 14 मई को पूरा हो रहा है। वे 1 सितंबर, 2020 को भारतीय चुनाव आयोग में आयुक्त बने थे और उसके पहले वे सार्वजनिक उद्यम चयन बोर्ड (PESB) के चेयरमैन थे। पीईएसबी चेयरमैन के पद पर उनकी नियुक्ति अप्रैल, 2020 से हुई थी। राजीव कुमार, बिहार-झारखंड काडर के 1984 बैच के अधिकारी हैं। 1960 में जन्मे राजीव कुमार ने बीएससी के बाद एलएलबी और पीजीडीएम के अलावा पब्लिक पॉलिसी में मास्टर्स की डिग्री भी ली। उनके पास इसके पहले केंद्र और राज्य सरकारों में सामाजिक सेक्टर के साथ पर्यावरण और वन, मानव संसाधन, वित्तीय और बैंकिंग के विभागों का अनुभव है।

वे भारतीय रिज़र्व बैंक के सेंट्रल बोर्ड के निदेशक, एसबीआई, नाबार्ड के निदेशक के अलावा आर्थिक गुप्तचर परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे वित्तीय स्थिरता एवं विकास परिषद (FSDC), बैंक बोर्ड ब्यूरो, फाइनेंनिशयल सेक्टर रेगुलेटरी एपाइंटमेंट्स सर्च कमिटी, सिविल सर्विस बोर्ड के भी सदस्य रहे हैं। राजीव कुमार को 18 लाख सरकारी कर्मचारियों को प्रभावित करने वाली नेशनल पेंशन स्कीम लाने के लिए भी जाना जाता है।