प्रियंका का PM पर तंज: ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ की वजह से महिलाओं के लिए काम कर रहे हैं पीएम मोदी!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित योजनाओं पर कटाक्ष किया। उन्होंने पीएम के इस कदम का श्रेय अपने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान को देते हुए कहा, उत्तर प्रदेश की महिलाओं के आगे पीएम झुक गए।

बहनों की एकजुटता, क्रांति लाएगी…

प्रियंका ने कहा कि  ” लड़की हूं लड़ सकती हूं” के नारे के बाद इस देश की महिलाएं जाग गई हैं। वो अपना हक मांग रही है। इसी वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महिलाओं के सामने झुक गए हैं। यह उत्तर प्रदेश की महिलाओं की जीत है। मैं उनसे पूछना चाहती हूं इतने सालों तक यह घोषणाएं क्यों नहीं की, जो वह आज कर रहे हैं? आज वह महिलाओं के सामने झुके हैं। इससे मैं बहुत खुश हूं। प्रियंका ने इस संदर्भ में एक ट्वीट भी किया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “उप्र की महिलाओं देख लो! आपने अंगड़ाई ली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपके सामने झुक गए। मगर अभी तो पत्ता हिला है महिला शक्ति का तूफ़ान आने वाला है। बहनों की एकजुटता क्रांति लाएगी।”

PM ने आज दी 16 लाख महिलाओं को कैश स्कीम की सौगाात..

दरअसल, आज प्रयागराज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 लाख महिलाओं को कैश स्कीम की सौगात दी। पीएम मोदी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बैंक खातों में एक हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। उन्होंने कहा कि इससे करीब 16 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी। साथ ही पीएम ने अगले कुछ सालों में घर का मालिकाना हक महिला के नाम होने की बात कही। पीएम के इन्हीं वादों पर प्रियंका ने तंज कसे हुए ट्वीट किया है। बता दें कि आठ दिसंबर को लखनऊ में कांग्रेस ने महिलाओं के लिए अलग से घोषणापत्र जारी किया था। यह देश का पहला ऐसा घोषणापत्र है जो सिर्फ महिलाओं के लिए हो। इसमें महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 40 फीसदी आरक्षण, महिला द्वारा संचालित व्यवसाय में कर से छूट समेत बहुत सी घोषणाएं की गई हैं।

फोन टैपिंग पर बोलीं प्रियांका, सरकार के पास कोई काम नहीं है क्या?

वहीं, दूसरी ओर प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीसीसी से अपने घर लौटते समय मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में यूपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उनके बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट तक हैक किए गए हैं। फोन टैपिंग तो बहुत छोटी चीज है। आपको बता दें कि इस समय यूपी में फोन टैपिंग का मामला गरमा गया है। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दावा किया था कि यूपी सरकार उनके फोन टैप करती है और सीएम योगी उनके फोन की बातचीत सुनते हैं। फोन टैपिंग पर आयकर छापों से संबंधित मीडिया के सवालों के जवाब में, प्रियंका ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के पास कोई काम नहीं है क्या?


Related