गोवा में प्रियंका का BJP पर हमला, कहा- ये सरकार सिर्फ अपने बारे में सोचती है, कांग्रेस आपके लिए काम करेगी

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने शुक्रवार को प्रियंका गांधी गोवा पहुंची। उन्होंने गोवा के मोरपिला गांव में ट्राइबल महिलाओं के साथ बात चीत की और उनकी समस्याएं सुनी। साथ ही उनका समाधान भी बताया। गोवा दौरे में ट्राइबल महिलाओं ने प्रियंका गांधी का स्वागत किया और गोवा की संस्कृति की एक छोटी सी झलक दिखाई, जिसे देख प्रियंका गांधी काफी खुश हुईं। गांव की कई महिलाओं ने अपनी मूल समस्याओं का ज़िक्र किया और प्रियंका गांधी से इस पर विचार करने को कहा।

गोवा में जो सरकार है वह जनता के लिए काम नही करती..

प्रियंका गांधी ने इस मौके पर गोवा वासियों और वहां की महिलाओं से कहा, मुझे यहां आकर और आपकी संस्कृति को देखकर बहुत गर्व हुआ। उन्होंने सवाल करते हु कहा, जो-जो बातें आप ने उठाई हैं जो आपकी समस्याएं हैं। इनका समाधान क्या है? यह कौन बता सकता है? आगे प्रियंका ने अपने इसी सवाल का जवाब देते हुए कहा, जो सरकार आएगी उसे आपके लिए काम करना पड़ेगा। प्रियंका ने गोवा की बीजेपी सरकार पर हमला करते हुए कहा, गोवा में जो सरकार है वह ऐसी सरकार नहीं है जो जनता के लिए काम नही कर रही है। वह अपने लिए काम कर रही है। प्रियंका ने कहा, जो सरकार गोवा में है वह अपने बड़े-बड़े उद्योगपति मित्रों को जो देना है वह दे देते हैं। यहां पर कोल माइनिंग शुरू किया, लेकिन आप जो काम करते हैं जो काजू की खेती आप करते हैं इसके लिए आपको कोई सुविधा नहीं दी गई।

सरकार की ड्यूटी है उसका कर्तव्य है कि वह आपके लिए काम करें..

प्रियंका ने कहा, “शेड्यूल ट्राइब में आपको शामिल करने के लिए आपने कहा, लेकिन यह काम पहले ही हो जाना चाहिए था जो अभी तक नहीं हुआ है। आपके यहां के विधायक भी शायद आपके यहां से हैं उन्होंने भी यह काम नहीं किया। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने यह तय किया है कि आपके लिए या काम करेंगे ही। प्रियंका ने गोवा की महिलाओं को उनके अधिकार बताते हुए कहा, अपने पानी की समस्या की बात की , अपने यहां पर एक स्पोर्ट्स ग्राउंड की समस्या की बात की। यह सब आपके अधिकार हैं। सरकार कार्य करती है तो आपके लिए कोई एहसान नहीं करती। वह सरकार की ड्यूटी है उसका कर्तव्य है कि वह आपके लिए यह करें।”

स्कूल, शिक्षा के लिए, पानी, सड़कें यह सब चीजें आपके अधिकार हैं..

प्रियंका गांधी ने समस्याओं को गिनाते हुए कहा, ” स्कूल, शिक्षा के लिए, पानी, सड़कें यह सब चीजें आपके अधिकार हैं, तो जब आप सही सरकार चुनेंगे तभी आपको यह अधिकार मिलेंगे।” प्रियंका ने बीजेपी सरकार पर हमला करते कहा, “जब आप ऐसी सरकार चुनेंगे जिनको आप के अधिकारों की परवाह नहीं है। किसी भी हालत में वह सिर्फ सत्ता में रहना चाहते हैं तो वे आपके लिए काम नहीं करेंगे। इसलिए आपको भी जागरूक होना पड़ेगा।”

आप ऐसी सरकार लाएं जो आपके लिए काम करे…

आगे प्रियंका ने महिलाओं से बात करते हुए कहा “मेरी बहनें सब यहां हैं वह समाज का सारा बोझ उठाती हैं। आज महंगाई है। आपको तेल नहीं मिल रहा है, गैस सिलेंडर हजार रुपए का हो गया है। इतनी ज़्यादा महंगाई है तो उसका बोझ कौन उठाता है? आप ही उठाती हैं। आप बच्चों को संभालती हैं, परवरिश करती हैं। आप चाहती हैं आपके बच्चों का भविष्य मजबूत बने। आपने बच्चों को पढ़ाया, लेकिन रोजगार नहीं है। सरकार का काम होता है कि रोजगार दिलवाए आप को आगे बढ़ाएं, आपके गांव में जो समस्या है उसको सुलझाएं।” प्रियंका ने गांव वालों से कहा, “आपको ऐसी सरकार चुन्नी ही पड़ेगी। खास तौर से इस बार आपको गोवा को अपने हाथ में लेना होगा। आप गोवा के वासी हैं, आपको तय करना होगा कि आप ऐसी सरकार लाएं जो आपके लिए काम करे।”

झूठे वादे करने वाले नेताओं को आपको ही ज़िम्मेदार बनाना होगा…

प्रियंका ने जनता को समझते हुए कहा, “नेताओं की एक आदत बन गई है कि वह चुनाव के समय आपको वचन देते हैं। बड़े-बड़े वादे करते हैं और चुनाव के बाद सब भूल जाते हैं। यह बहुत जरूरी है कि आप उन नेताओं को जिम्मेदार बनाएं।” उन्होंने कहा “कांग्रेस पार्टी ने करके दिखाया है। जब गोवा बना तो कांग्रेस पार्टी में खूब मदद की। मेरी दादी इंदिरा गांधी ने आपसे पूछा कि आप महाराष्ट्र का हिस्सा बनना चाहते हैं या अपना अलग प्रदेश चाहते हैं आपने कहा अलग प्रदेश, तब गोवा बनाया गया। इसी तरह से जब सरकार जनता को सुनकर उसकी समस्या सुनती है उसे सुलझती है तभी जनता का विकास होता है जनता आगे बढ़ती है। ”

नौकरियों में 30% महिलाओं को ही मिलेंगी..

प्रियंका ने बताया, “हमारी सरकार बनने के बाद यहां पर जो नौकरियां मिलेंगी उसमें से 30% महिलाओं को ही मिलेंगी। जिस दिन आप वोट डालने जाएंगे उस दिन सबसे पहले आप अपने बारे में सोचें, आपने प्रदेश के बारे में अपने परिवार के बारे में सोचें, सोचिए कि कौन सी ऐसी पार्टी है जो आपकी समस्याओं को सुलझा सकती है।” उन्होंने कहा, “बाहर से बहुत सारी पार्टियां आती हैं। आजकल बहुत सारी नई-नई पार्टियां है उन्होंने अपने प्रदेशों में क्या किया है।”

पर्यावरण को बचा कर विकास करना होगा..

आगे प्रियंका ने कहा “मैं दिल्ली की हूं और दिल्ली में आम आदमी पार्टी है। वहां प्रदूषण इतना है कि सांस नहीं ली जाती है। आपको यहां पर जिस तरह से विकास करना है आपके पर्यावरण को बचाकर करना है। यहां का जंगल, यहां की खेती, यहां का पानी, यहां का समंदर यहां का पर्यावरण है। इसको आपको ही बचाना है। आपको सोचना है कि आप के लिए कौन सी पार्टी सबसे ज्यादा काम करेगी।” आगे प्रियंका ने कहा,” एक ही पार्टी है कांग्रेस पार्टी। मुझे आशा है आप सब सोच समझ कर अपना वोट देंगे, इस बार कांग्रेस को जिताएंगे और एक ऐसी सरकार लाएंगे जो आपके लिए काम करेगी।