खाद की किल्लत से मरे किसानों के परिजनों से मिलीं प्रियंका, आर्थिक मदद के साथ कर्ज़ चुकाने का वादा!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा खाद की दिक्कत से आत्महत्या करने वाले किसान के परिवार से मिलने शुक्रवार सुबह सात बजे ललितपुर पहुंची। यहां पर प्रियंका मृतक किसानों के पीड़ित परिवारों से मिली और उनका दर्द जाना। प्रियंका ने पाली कस्बे में चारों मृतक किसानों के परिवारों को पूरी मदद का भरोसा दिया।

प्रियंका ने पीड़ितों की पीड़ा सुनी और उन्हें सांत्वना दी..

यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी पाली गांव में खाद के लिए जान गंवाने वाले किसान बबलू पाल के परिवार से मुलाकात करने पहुंची थी, यहां तीन अन्य किसानों के परिवार भी थे जिन्होंने खाद के लिए अपनी जान गंवाई थी। प्रियंका ने पीड़ित परिवारों से बात चीत कर उनकी पीड़ा सुनी और उन्हें सांत्वना दी। प्रियंका ने ट्विटर पर इस संबंध में जानकारी साझा करने हुए लिखा, ‘बुंदेलखंड, ललितपुर: पीड़ित किसान परिवारों से मिलकर उनकी पीड़ा साझा की।’

आर्थिक मदद, बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी..

मृतक किसान भोगीराम पाल की बेटी सविता प्रियंका से अपना दर्द बयां करते हुए बेहोश हो गई तो प्रियंका ने अपने हाथों से उसे पानी पिलाया। बेटी सविता ने बताया कि उनके परिवार पर 4 लाख का कर्ज है। किसान परिवारों की आर्थिक तंगी को देखते हुए प्रियंका ने  कर्ज़ कांग्रेस पार्टी द्वारा चुकाए जाने की बात कही। प्रियंका ने कहा बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी भी कांग्रेस लेगी। बताते चले कि इसे पहले छत्तीसगढ़ और पंजाब सरकार ने लखीमपुर हिंसा में मारे गए 4 किसानों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये दिए थे।

दो ने खाद न मिलने से कि आत्महत्या, दो की लाइन में खड़ेे रहनेे से मौत..

पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद प्रियंका ने कहा कि अफसर-नेता मिलकर खाद की कालाबाज़ारी कर रहे हैं और किसान खाद की लाइन में मर रहे हैं। बता दे कि खाद की तंगी इस कदर हैं कि किसानों को 2-4 दिन लाइन में लगना पड़ रहा हैं। परिजनों से मुलाकात के बाद प्रियंका ने बताया कि चार किसानों में से दो को खाद नहीं मिल पायी इसलिए आत्महत्या कर ली, वहीं दो किसानों कि लाइन में खड़े-खड़े मृत्यु हो गयी।

सरकार ने बोरी महंगी कर बोरी में खाद कम कर दी..

प्रियंका ने बताया कि एक भूखा-प्यासा किसान चार दिन से अपनी बारी के इंतज़ार में लाइन में खड़ा था और एक दो दिन से खाना खाने नहीं जा सकता था क्योंकि एक बार लाइन छोड़ देता तो नंबर चला जाता। प्रियंका ने योगी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार को खाद वितरण की उचित व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन यह पूरी तरह विफल रही और जो खाद आई, उनकी भी कालाबाज़ारी हुई। सरकार ने बोरी महंगी कर बोरी में खाद कम कर दी।

किसानों की हालत देखकर दिल दहल जाता है..

प्रियंका ने बुंदेलखंड के किसानों की पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए वह रात-रात भर खेतों में पड़े रहते हैं, लेकिन सरकार खाद-पानी तक नहीं दे पा रही है। प्रियंका ने कहा कि बारिश होने से किसानों को लगा कि अब फसल अच्छी होगी, लेकिन सरकार ने खाद नहीं दी। प्रियंका ने कहा यहां के किसानों की हालत देखकर दिल दहल जाता है, वे पूरी तरह कर्ज़़ में डूबे हैं।

ट्रेन से ललितपुर पहुंची थीं प्रियंका..

बता दें कि प्रियंका ललितपुर ट्रेन से गई थी। प्रियंका ट्रेन से ललितपुर रवाना होने के लिए गुरुवार रात राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचीं थी। प्रियंका ने कुलियों से भी मुलाकात की थी। कुलियों ने प्रियंका को अपने जीवन से जुड़ी समस्या के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान सरकार की उपेक्षा का भी जिक्र किया। इस दौरान प्रियंका ने उन्हें सरकार आने पर हर संभव मदद देने का आश्वासन भी दिया है।

किसान विरोधी भाजपा सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंगा..

बीते दिन भी प्रियंका ने एक मजदूर महिला का वीडियो शेयर करने हुए सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने लिखा कि, किसान मेहनत कर फसल तैयार करे तो फसल का दाम नहीं। किसान फसल उगाने की तैयारी करे, तो खाद नहीं। खाद न मिलने के चलते बुंदेलखंड के 2 किसानों की मौत हो चुकी है। लेकिन किसान विरोधी भाजपा सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगा है। इनकी नीयत और नीति दोनों में किसान विरोधी रवैया है।


Related