किसानों के समर्थन में 32 दिनों से धरने पर बैठे कांग्रेस सांसदों से मिलीं प्रियंका गांधी

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


मोदी सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर 32 दिनों से धरने पर बैठे कांग्रेस सांसदों से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुलाकात की है। कांग्रेस के ये सांसद किसानों के आंदोलन के समर्थन में धरने पर बैठे हैं।

कांग्रेस सांसदों से मुलाकात में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि किसान विरोधी कानून के खिलाफ हर मोर्चे पर किसानों के साथ कांग्रेस खड़ी है। हम बिल्कुल पीछे नहीं हटेंगे। हम किसानों के साथ हमेशा रहे हैं। बिल्कुल पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि ‘समाधान यही है कि कानून वापिस लें। और कोई समाधान नहीं है।

 

मोदी सरकार ने अन्नदाता के साथ विश्वासघात किया- राहुल गांधी

वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के अन्नदाता के साथ विश्वासघात किया है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि मोदी सरकार ने अपने पूँजीपति मित्रों के फ़ायदे के लिए देश के अन्नदाता के साथ विश्वासघात किया है। आंदोलन के माध्यम से किसान अपनी बात कह चुके हैं। अन्नदाताओं की आवाज़ उठाना और उनकी माँगों का समर्थन करना हम सब का कर्तव्य है।

एक अन्य ट्वीट में राहुल गांधी ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन लोकतंत्र का एक अभिन्न हिस्सा होता है। हमारे किसान बहन-भाई जो आंदोलन कर रहे हैं, उसे देश भर से समर्थन मिल रहा है। आप भी उनके समर्थन में अपनी आवाज़ जोड़कर इस संघर्ष को बुलंद कीजिए ताकि कृषि-विरोधी क़ानून ख़त्म हों।