संविधान दिवस समारोह: कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने बनाई दूरी!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


देश आज 71वां संविधान दिवस मना रहा है। इस मौके पर संसद के सेंट्रल हॉल में मुख्य कार्यक्रम हुआ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन में एक विशेष सभा को संबोधित किया। विज्ञान भवन में सुप्रीम कोर्ट द्वारा संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया जा रह है। इस कार्यक्रम का पीएम मोदी ने उद्घाटन किया इस मौके पर सुप्रीम कोर्ट के सभी न्यायाधीश, सभी उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश व अन्य लोग शामिल रहे, लेकिन इस साल भी कार्यक्रम से कांग्रेस सांसद ने दूरी बनाई रखी। हालांकि, अपने ट्वीट हैंडल पर राहुल गांधी ने लोगों को संविधान दिवस की शुभकामनाएँ दी।

उन्होंने लिखा, “न्याय व अधिकार सबके लिए एक समान होने चाहिएँ ताकि संविधान सिर्फ़ काग़ज़ ना बन जाए- ये हम सबकी ज़िम्मेदारी है। देश के संविधान दिवस पर सभी को शुभकामनाएँ।”

आपको बता दें कि सिर्फ कांग्रेस ही नही बल्कि टीएमसी, राजद, डीएमके, सीपीआई और सीपीआई-एम ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया। मीडिया रिपोर्ट की माने तो 24 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में पार्टी के संसदीय कार्य रणनीतिक समूह की बैठक में यह फैसला लिया गया था। दरअसल, कांग्रेस का आरोप है कि मोदी सरकार लगातार संविधान पर हमला कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं को कमज़ोर कर रही है। कांग्रेस से जुड़े लोगों ने कहा कि वे (BJP) पूरे साल संविधान का अपमान करते हैं, और एक दिन संविधान दिवस के रूप में उत्‍सव मनाते हैं। इसी कारण उन्‍होंने इस कार्यक्रम से दूर रहने का फैसला किया हैै। कुल मिलाकर विपक्ष इस कार्यक्रम में हिस्‍सा न लेकर मोदी सरकार के खिलाफ विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों ने पिछले साल भी इस आयोजन का बहिष्कार किया था।