पत्रकार की हत्या पर बोले राहुल- ‘वादा था राम-राज का, दे दिया गुंडाराज !’

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बदमाशों की गोली का शिकार हुए पत्रकार विक्रम जोशी की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई है। अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने पर पत्रकार विक्रम जोशी को सोमवार रात बदमाशों ने गोली मारी दी थी। बदमाशों ने उनके सिर में गोली मारी थी। विक्रम जोशी का गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में इलाज चल रहा था। लेकिन वो जिंदगी की लड़ाई हार गए।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पत्रकार विक्रम जोशी की मौत पर दुख प्रकट करते हुए यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या कर दी गयी। शोकग्रस्त परिवार को मेरी सांत्वना।

वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज।

इसके पहले कांग्रेस महासचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने भी पत्रकार को गोली मारने की घटना पर योगी सरकार पर निशाना साधा था। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि “गाजियाबाद NCR में है। यहां कानून व्यवस्था का ये आलम है तो आप पूरे यूपी में कानून व्यवस्था के हाल का अंदाजा लगा लीजिए। एक पत्रकार को इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उन्होंने भांजी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर पुलिस में दी थी। इस जंगलराज में कोई भी आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा?”

आपको बता दे कि हमले के तीन दिन पहले बदमाशों ने पत्रकार विक्रम जोशी की भांजी पर अश्लील फब्तियां कसी थी, जिसको लेकर मारपीट भी हुई थी। इसके बाद विक्रम जोशी ने विजय नगर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के 3 दिन बाद तक पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। जबकि इस दौरान बदमाश लगातार परिवार को धमकी दे रहे थे। पत्रकार विक्रम जोशी को जब गोली मारी गई तो उनकी दो बेटियां भी उनके साथ थीं। बदमाशों ने बेटियों के सामने ही विक्रम को गोली मार दी।

वहीं विक्रम जोशी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं शिकायत मिलने के बावजूद कार्रवाई न करने वाले प्रताप विहार चौकी इंचार्ज राघवेंद्र सिंह को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया है।


Related