मालेगांव धमाकों में मुख्य आरोपी प्रज्ञा ठाकुर रक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति में!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


मालेगांव धमाकों की मुख्य आरोपी और भोपाल से बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का नाम रक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति में शामिल किया गया है। समिति में कुल 21 सदस्य हैं और इसके प्रमुख रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हैं।

साध्वी प्रज्ञा के कमेटी में शामिल किए जाने को कांग्रेस पार्टी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। कमलनाथ सरकार में मंत्री पीसी शर्मा ने इसकी निंदा की है, उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में फर्क है।

कांग्रेस नेता जयवीर शेरगिल ने ट्वीट किया कि प्रज्ञा ठाकुर को डिफेंस कमेटी में शामिल किया गया है। बीजेपी सरकार ने नेशनलिज्म को नया मॉडल दिया है, बम ब्लास्ट मामले में ट्रायल पर चल रहीं नेता को डिफेंस मामलों की कमेटी में शामिल किया गया। चिंता की कोई बात नहीं, भारत माता की जय।

सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ वकील और मानवाधिकार कार्यकर्त्ता प्रशांत भूषण ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया है।

लोकसभा चुनाव के दौरान जब साध्वी प्रज्ञा ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था, तो विपक्ष ने काफी हंगामा किया था। बढ़ते विवाद के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बयान दिया था कि वह कभी भी साध्वी प्रज्ञा को मन से माफ नहीं कर पाएंगे।


Related