विनोद दुआ के घर पहुँची हिमाचल पुलिस, नयी FIR राजद्रोह की !

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


ऐसा लगता है कि मोदी सरकार और उसके समर्थक विनोद दुआ के पीछे ही पड़ गये हैं। आज सुबह तकरीबन सात बजे हिमाचल प्रदेश की पुलिस दिल्ली स्थित विनोद दुआ के घर पहुँची, उन्हें एक नोटिस थमाया और कल सुबह दस बजे तक शिमला के एक थाने में हाज़िरी देने का हुक़्म सुनाया। यह जानकारी विनोद दुआ ने ख़ुद अपने फ़ेसबुक के ज़रिये सार्वजनिक की है।

यह क़ीमत है बेख़ौफ़ पत्रकारिता की। आवाज़ और रीढ़ को मज़बूत रखने की। आरोप मोदी सरकार और बीजेपी पर इसलिए है क्योंकि पहले एफआईआर बीजेपी प्रवक्ता नवीन कुमार ने करायी थी जिसे लेकर दिल्ली की साकेत कोर्ट ने उन्हें अंतरिम सुरक्षा दी और फिर दिल्ली हाईकोर्ट ने भी कार्रवाई पर स्टे लगा दिया. नवीन कुमार ने 11 मार्च को प्रसारित विनोद दुआ के यूट्यूब शो विनोद दुआ लाइव का हवाला दिया है जिसमें दिल्ली दंगों को लेकर सरकार और पुलिस पर सवाल उठाये गये थे। नवीन कुमार के मुताबिक विनोद दुआ समाज में वैमनस्य फैला रहे हैं। अब हिमाचल में हुई एफआईआर में देशद्रोह भी जुड़ गया है।

दिल्ली में अदालत से राहत पाने के तुरंत बाद उन पर हिमाचल प्रदेश में भी एफआईआर करायी गयी और तेज़ी का आलम ये कि 11 जून को एफआईआर हुई और 12 जून की सुबर पुलिस दिल्ली में नोटिस लेकर पहुँच गयी। 24 घंटे में हाज़िर होने को कहा गया है, बिना ये सोचे कि इस कोरोना काल में बाहर निकलना ख़तरे से ख़ाली नहीं है। विनोद दुआ तो वैसे भी सीनियर सिटीज़न की श्रेणी में आते हैं जिन पर सबसे ज़्यादा ख़तरा है। विनोद दुआ अपना शो भी घर से रिकार्ड करते हैं। ज़ाहिर है, यह सब हिमाचल प्रदेश की बीजेपी सरकार की इच्छा के बग़ैर नहीं हो सकता।

ये संयोग नहीं कि मोदी सरकार या बीजेपी पर सवाल उठाने वाले पत्रकारों को इस पेशे से बाहर होने पर मजबूर कर दिया गया है। टीवी चैनलों पर नज़र आने वाले ऐसे कई चेहरे अब नज़र नहीं आते। आते हैं तो सोशल मीडिया प्लेटफ़ार्म पर। विनोद दुआ स्वराज एक्सप्रेस चैनल के अलावा विनोद दुआ शो के नाम से यूट्यूब पर भी कार्यक्रम करते हैं। इस दौर के तमाम अगिया बैताल ऐंकरों के उलट उनकी आवाज़ बेहद नर्म है, लेकिन सत्ता से तल्ख़ सवाल पूछने में वे कभी पीछे नहीं रहते। उनकी यह पहचान तब भी थी जब वे दूरदर्शन जैसे सरकारी माध्यम में ‘जनवाणी’ नाम से कार्यक्रम करते थे।

कुछ समय पहले जब विनोद दुआ द वायर पर एक कार्यक्रम करते थे तो मी टू के तहत उन्हें फंसाने की कोशिश की गयी जिसके बाद शो बंद हो गया। फंसाने की कोशिश इसलिए क्योंकि विनोद दुआ ने बार-बार चुनौती दी कि मामले को अदालत में ले जाया जाये, लेकिन जिसने आरोप लगाया वह सामने ही नहीं आयी। हाँ, शोर बहुत मचा और शो बंद हो गया। सत्ता यही चाहती भी थी।

विनोद दुआ के बारे में सत्य हिंदी पर वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल ने जो लिखा है, उसे पढ़ा जाना चाहिए ताकि पता चले कि हम उन बुज़ुर्गों के साथ क्या करते हैं जिन्होंने मिसालें क़ायम की हैं।

 

विनोद दुआ पर एफ़आईआर: पहले इस महानायक को जान तो लीजिए

 

इन दिनों विनोद दुआ के ख़िलाफ़ भारतीय जनता पार्टी के एक प्रवक्ता की ओर से दर्ज़ कराई गई प्राथमिकी की चर्चा है। आरोप है कि अपनी तल्ख़ और बेबाक टिप्पणियों से उन्होंने इस पार्टी के नियंताओं को जानबूझ कर परेशान किया है। किसी भी सभ्य लोकतंत्र में असहमति के सुरों को दंडित करने की इस साज़िश की अनुमति क्यों दी जानी चाहिए। इस मामले के बाद उनके बारे में मनगढ़ंत कथाओं की बाढ़ सी आ गई है। इस कारण मुझे यह टिप्पणी लिखने पर मजबूर होना पड़ा है। मैं मामले का पोस्ट मार्टम नहीं करना चाहता। अलबत्ता यह कह सकता हूँ कि इस तरह के षड्यंत्र केवल परेशान करने के लिए ही रचे जाते हैं। उनका कोई सिर-पैर नहीं होता। समय के साथ वे कपूर की तरह उड़ जाते हैं। 

मानसिक उत्पीड़न का यह सिलसिला यक़ीनन परेशान करता है। छोटे परदे पर उपलब्धियों का कीर्तिमान रचने वाले विनोद दुआ को अपने ही मुल्क में सम्मान की जगह संत्रास दिया जा रहा है- इसके लिए आने वाली नस्लें हमें माफ़ नहीं करेंगी। वैसे भी हम भारतीय किसी बेजोड़ शख़्सियत के योगदान का उसके जीते जी मूल्यांकन नहीं करने के लिए कुख्यात हैं। जब वह नहीं रहता तब हमें उसके काम याद आते हैं।

दो दिन से उनके बारे में क्या-क्या नहीं कहा गया- वह कांग्रेसी हैं, वामपंथी हैं। अव्वल तो वह न कांग्रेसी हैं और न वामपंथी हैं। वैसे अगर होते भी तो बहुदलीय लोकतंत्र में यह कोई अपराध नहीं है। कहा गया कि उन्होंने अनाप-शनाप दौलत अनुचित तरीक़ों से कमाई है। भारत की ज़िम्मेदार जाँच एजेंसियों के लिए यह खुली चुनौती हो सकती है। हमने तो फटेहाल नेताओं को पार्टी के सत्ता में आते ही घर भरते देखा है। इन पार्टियों के राज नेताओं की अनेक अंतर कथाएँ मय सुबूतों के पिछले तैंतालीस बरस की पत्रकारिता में मेरे सामने आती रही हैं। उन पर आज तक ऊँगली नहीं उठाई गई। चालीस बरस तक देश की राजधानी में प्रथम श्रेणी के प्रसारक, प्रस्तोता और पत्रकार रहे ईमानदार भारतीय की जेब टटोलने वालों को अपने गिरेबाँ में भी झाँकना चाहिए


पहले उनके विरुद्ध मी टू अभियान चलाकर चरित्र हनन करके उनकी ज़बान पर ताला डालने की कोशिश की गई। वह भी फुस्स हो गया। अब इस तरह के मामलों से उन्हें परेशान करने का कुचक्र चलाया जा रहा है। लेकिन यहाँ आरोप- प्रत्यारोप की अदालत लगाकर मैं नहीं बैठा हूँ। मैं सिर्फ़ यह बताना चाहता हूँ कि विनोद दुआ क्या हैं?

 

इस देश में टेलिविज़न ने 1959 में दस्तक दी। लेकिन सही मायनों में उसे अस्सी के दशक में पंख लगे। ज़ाहिर है अकेला सरकारी दूरदर्शन था तो उसने उस ज़माने में पक्ष और प्रतिपक्ष, दोनों की सशक्त भूमिका निभाई। आज तो यह सत्ता का प्रवक्ता बनकर रह गया है। इसीलिए संसार का सबसे बड़ा नेटवर्क होते हुए भी स्वतंत्र पहचान के लिए छटपटा रहा है। मगर उस दौर का डीडी ऐसा नहीं था। एक बेहद लोकप्रिय शो जनवाणी आया करता था। उसके कर्ता-धर्ता विनोद दुआ ही थे। सरकार कांग्रेस की थी। उस कार्यक्रम में सरकार के मंत्रियों की ऐसी ख़बर ली जाती थी कि उनकी बोलती बंद हो जाती। अनेक दिग्गज मंत्रियों ने प्रधानमंत्री से शिकायत की कि विनोद दुआ तो संघी हैं। विपक्ष की तरह व्यवहार करते हैं। सरकार के दूरदर्शन पर यह नहीं दिखाया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने उन्हें ठंडा पानी पिलाकर चलता किया। उनसे कहा कि पहले अपना घर ठीक करो। फिर शिकायत लेकर आना। एक उदाहरण ही काफ़ी होगा।

 

इन दिनों राजस्थान के मुख्यमंत्री किसी ज़माने में देश के नागरिक उड्डयन मंत्री होते थे। एक बार वह जनवाणी में आए। उनका इस साक्षात्कार में इतना दयनीय प्रदर्शन था कि उन्हें पद से हटा दिया गया। आज भी निजी मुलाक़ात में अगर परख का ज़िक्र आ जाए तो वह यह घटना सुनाना नहीं भूलते।

 

उन दिनों चुनाव परिणाम हाथ से मतपत्रों की गिनती के बाद घोषित किए जाते थे। इस प्रक्रिया में दो-तीन दिन लग जाते थे। रात दिन दूरदर्शन पर ख़ास प्रसारण चलता था। विनोद दुआ और डॉक्टर प्रणव रॉय की जोड़ी इन चुनाव परिणामों और रुझानों का चुटीले अंदाज़ में विश्लेषण करती थी। यह जोड़ी सार्थक और सकारात्मक पत्रकारिता करती थी। कांग्रेसी नेताओं की जमकर बखिया उधेड़ती तो बीजेपी के नेता भी पानी माँगते थे। कम्युनिस्ट दलों के प्रति भी उतनी ही निर्मम रहती थी। इसके बावजूद राजीव गाँधी से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी, सिकंदर बख़्त, कुशाभाऊ ठाकरे, इंद्रजीत गुप्त, बसंत साठे, अर्जुनसिंह, शरद पंवार, मधु दंडवते, बाल ठाकरे, जॉर्ज फर्नांडिस और ज्योति बसु जैसे धुरंधर इन दोनों के मुरीद थे।

 

लोगों को याद है कि 1989 और 1991 के चुनाव में राजीव गाँधी, वीपी सिंह और चंद्रशेखर की आलोचना तिलमिलाने वाली होती थी। कभी उन पर किसी दल विशेष का पक्ष लेने या विरोध करने का आरोप नहीं लगा।

 

नरसिंह राव सरकार बनी तो विनोद दुआ को साप्ताहिक समाचार पत्रिका परख की ज़िम्मेदारी सौंपी गई। मैं स्वयं पहले एपिसोड से आख़िरी एपिसोड तक परख की टीम में था। परख में उन दिनों संवाद उप शीर्षक से एक खंड होता था। इसमें भी देश के शिखर नेताओं और अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साक्षात्कार होते थे। कई बार इस कार्यक्रम में मंत्रियों के लगभग रोने की स्थिति बन जाती। उनके पास अपने मंत्रालयों की ही पुख़्ता जानकारी नहीं होती थी। उन्होंने भी प्रधानमंत्री से विनोद दुआ की शिकायत की। कहा कि विनोद दुआ भाजपाई हैं, हिंदूवादी हैं। नरसिंह राव ने भी उन्हें वही उत्तर दिया, जो राजीव गाँधी ने दिया था। उन्होंने कहा कि अपना काम और मंत्रालय का काम सुधारिए।


मंत्रियों के आगे कभी नहीं झुके
 

परख की एक रिपोर्ट मैंने गुजरात जाकर सरदार सरोवर की ऊँचाई के मुद्दे पर की थी। उन दिनों विद्याचरण शुक्ल जैसे तेज़ तर्रार मंत्री प्रधानमंत्री के ख़ास थे। उनके पास जल संसाधन विभाग था। उन तक पहले ही ख़बर पहुँच गई कि परख में ऐसी रिपोर्ट दिखाई जा रही है, जिससे विभाग की उलझन बढ़ जाएगी। उन्होंने एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा दिया, लेकिन मेरी वह रिपोर्ट नहीं रोक पाए। बाद में उस रिपोर्ट से संसद में बड़ा हंगामा हुआ। ख़ुद विद्याचरण शुक्ल ने मुझे बरसों बाद यह बात बताई।

यह भी लोग नहीं जानते कि परख की टीम में संघ और बीजेपी की नब्ज़ समझने वाले विजय त्रिवेदी शामिल थे तो वामपंथ की ओर झुके मुकेश कुमार भी थे। लेकिन पत्रकारिता के दरम्यान कभी वैचारिक प्रतिबद्धताएँ आड़े नहीं आईं।

गायक भी हैं विनोद दुआ
अंत में बता दूँ कि खाने-पीने के शौक़ीन विनोद दुआ बहुत अच्छे गायक भी हैं। पुरानी फ़िल्मों के गीत जब वह और उनकी दक्षिण भारतीय डॉक्टर पत्नी डूबकर गाते हैं तो सुनने वाले दंग रह जाते हैं। यह पीड़ादायक है कि अपने ही देश में पत्रकारिता के इस महानायक के साथ यह बरताव हो रहा है। विनोद दुआ यूरोप या पश्चिम के किसी देश में होते तो देवता की तरह पूजे जाते। जैसे कि कार्टूनिस्ट आर के लक्ष्मण को संसार भर के कार्टूनिस्ट एक देवता जैसा मानते हैं और अपने देश में ही लक्ष्मण ग़ुमनामी में खोये रहे और इस संसार से विदा हो गए। लेकिन हम भारतीय इतने कृतघ्न हैं कि अपने इन हस्ताक्षरों का उपकार मानना तो दूर, उन्हें व्यर्थ के विवादों में उलझाते हैं। किसी को उत्तर देना है तो विनोद दुआ के आँकड़ों और जानकारी को झूठा साबित करके बताए। इससे अधिक मैं क्या कहूँ।

 




Related