अलविदा कैप्टन: नहीं रहे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह, CDS रावत के साथ हेलिकॉप्टर हादसे में थे मौजूद!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


तमिलनाडु के कुन्नूर में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में बचे एकमात्र जीवित सैन्य अधिकारी, ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का भी बुधवार को निधन हो गया। भारतीय वायुसेना ने उनके निधन की पुष्टि की है। बता दें कि 8 दिसंबर, 2021 को हुई दुर्घटना में हेलीकॉप्टर यात्रा कर रहे 14 लोगों के दल में 13 लोगो की मौत हो गई थी, जिसमे सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी भी मौजूद थे। तब से ही ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह गंभीर हालत में अस्पताल में थे। यह दुखद समाचार मिलने पर राहुल गांधी, पीएम मोदी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई बड़े नेताओं ने ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को श्रद्धांजलि दी।

ग्रुप कैप्टन का आज इलाज के दौरान निधन…

भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर जानकारी दी कि “यह बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि ग्रुप कैप्टन का आज इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 8 दिसंबर, 2021 को हुई दुर्घटना में जीवित बचे एकमात्र व्यक्ति थे।”

यह देश के लिए दुखद क्षण है: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के दोस्तों और परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। यह देश के लिए दुखद क्षण है। इस दुख में हम सब आपके साथ हैं।

देश के लिए उनकी सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकता: PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि “ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को श्रद्धांजलि। देश के लिए उनकी सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने पराक्रम, अत्यंत पेशेवराना अंदाज से देश की सेवा की। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

पराक्रम एवं वीरता की अनूठी मिसाल रखी: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “ग्रुप कैप्टन श्री वरुण सिंह जी के निधन का दुखद समाचार मिला। उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। श्री वरुण सिंह जी ने देश के सामने पराक्रम एवं वीरता की अनूठी मिसाल रखी। हम उनके अतुलनीय योगदान को कभी नहीं भूलेंगे।”

वह सच्चे फाइटर थे: रक्षा मंत्री

अखिलेश यादव ने लिखा ” ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह जी के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि!” रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया है “IAF पायलट ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन से हुए दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। वह सच्चे फाइटर थे, जिन्होंने अपनी अंतिम सांस तक जंग जारी रखी। ”

15 अगस्त को शौर्य चक्र से किया गया था सम्मानित..

बता दें कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह के भतीजे हैं। 12 अक्टूबर 2020 को वरुण ने उड़ान नियंत्रण प्रणाली के विफल होने के बावजूद लगभग दस हजार फीट की ऊंचाई से विमान की सफल लैंडिंग कराई थी। इसके लिए राष्ट्रपति ने 15 अगस्त को उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया।

 

“मीडिया विजील और पाठकों की ओर से ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को भावपूर्ण श्रद्धांजलि!”