यूपी में आज से शुरू कांग्रेस का 15 दिवसीय सदस्यता महाअभियान, एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है और सभी पार्टियां इसकी तैयारियो में जुटी है, वहीं, कांग्रेस भी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में लगी हुई है। इसी संबंध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज यानी 26 नवम्बर 2021 संविधान दिवस से 15 दिन के सदस्यता महाअभियान की शुरुआत की। उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय श्री भूपेश बघेल ने इस पार्टी सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर वीआईपी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राम लोटन निषाद समेत कई दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

एक परिवार, नये सदस्य चार..

आपको बता दें कि आज से शुरू हुआ यह 15 दिवसीय अभियान 10 दिसम्बर 2021 तक चलेगा। इस अभियान का लक्ष्य ‘‘एक परिवार, नये सदस्य चार’’ के नारे के तहत 15 दिन में कांग्रेस के एक करोड़ नये सदस्य बनने का है। इस अभियान के तहत न्याय पंचायतों या वार्डों के आधार पर हर विधानसभा में पांच सदस्यीय टीमें बनाई जाएंगी। हर टीम का एक प्रभारी होगा। इस तरह प्रदेश में करीब 23000 सदस्यता प्रभारी बनाए जाएंगे। संविधान दिवस पर सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है। इस दिन गांवों, बस्तियों, वार्डों में “भीम चर्चा” और रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा। साथ ही संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान पर चर्चा की जाएगी।

”लड़की हूं, लड़ सकती हूं” के बैनर तले छात्राओं तक पहुंचेगा संदेश..

यह सदस्यता अभियान हर जिले/शहर/कस्बे, जिले के सभी प्रखंडों, शहर/कस्बे के सभी वार्डों, सभी न्याय पंचायत और ग्राम सभा स्तर पर चलाया जाएगा। प्रत्येक सदस्यता टीम प्रतिदिन 25 नए सदस्य बनाएगी। इसके लिए नए सदस्य द्वारा मिस्ड कॉल नंबर पर मिस्ड कॉल करना अनिवार्य होगा। इस महाअभियान के लिए सदस्यता मिस्ड कॉल नंबर- 82 3000 5000 है। सदस्यता अभियान शहर के प्रमुख बाजारों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों आदि पर कैनोपी लगाकर चलाया जायेगा। वहीं, कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी का संदेश महिला महाविद्यालयों/महाविद्यालयों के सामने ”लड़की हूं, लड़ सकती हूं” के बैनर तले सदस्यता अभियान चलाते हुए छात्राओं तक पहुंचाई जाएगी।


Related