हाथरस गैंगरेप पीड़िता के इंसाफ के लिए दिल्ली से लखनऊ तक काँग्रेस का प्रदर्शन

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


उत्तर प्रदेश के हाथरस में 14 सिंतबर हुए गैंगरेप की पीड़िता आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। दिल्‍ली के सफदरजंग अस्‍पताल उसने दम तोड़ दिया। इस घटना को लेकर पूरे देश में गुस्से का माहौल है। पीड़िता की मौत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली से लेकर यूपी तक सड़कों पर उतर आए हैं।

हाथरस की बेटी पर हुए निर्मम अत्याचार के खिलाफ  उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू  के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में कैंडिल लाइट जुलूस निकाला है। कांंग्रेस मुख्यालय से निकाले गए इस जुलूस को पुलिस ने बलपूर्वक रोक दिया है। खबर को लिखे जाने तक कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू कांग्रेस कार्यकर्ताओं से साथ वहीं सड़क पर धरना देकर बैठ गए हैं।

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शनों की खबरे आ रही हैं। कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता योगी सरकार के जंगलराज के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इलाहाबाद, प्रतापगढ़, बुलंदशहर,अमेठी, रायबरेली, फैजाबाद, हाथरस, सादाबाद समेत कई जिलों में विरोध प्रदर्शन और कैंडिल लाइट जुलूस निकाले जा रहे हैं।

इसके पहले यूपी के योगीराज के बढ़ते जंगलराज के खिलाफ दिल्ली के विजय चौक पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसद पी एल पूनिया समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता भी दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली के विजय चौक में प्रदर्शन कर रही दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अमृता धवन सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

https://twitter.com/SaralPatel/status/1310902622799372288

वहीं सफदरजंग अस्पताल में दलित कांग्रेस के यूपी प्रभारी प्रदीप नरवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए हैं। प्रदीप नरवाल ने कहा कि हम लोग अपनी बहन की न्याय की मांग को लेकर सफदरजंग अस्पताल में बने हुए हैं। कायर सरकार ने न्याय तो आज तक दिया नही बल्कि डेडबॉडी भी छुपा दी। मृतक पीड़िता के भाई का कहना है कि योगी की पुलिस पीड़िता का शव अस्पताल से गायब कर चुकी है। जबतक पीड़िता का शव उनको नहीं दिया जाता वो यहीं बैठे रहेंगे।

हाथरस की बेटी के इंसाफ के लिए यूपी कांग्रेस ने दिन में लखनऊ के जीपीओ पर विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर कई नेताओं को हिरासत में लिया है।

 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ट्वीट कर कहा कि “UP के ‘वर्ग-विशेष’ जंगलराज ने एक और युवती को मार डाला। सरकार ने कहा कि ये फ़ेक न्यूज़ है और पीड़िता को मरने के लिए छोड़ दिया। ना तो ये दुर्भाग्यपूर्ण घटना फ़ेक थी, ना ही पीड़िता की मौत और ना ही सरकार की बेरहमी।

कांग्रेस महासचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा कि “हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है। यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के क़ातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। श्री योगी आदित्यनाथ जी आप उप्र की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जवाबदेह हैं”।

बता दें कि हाथरस के थाना चंदपा क्षेत्र के गांव में 14 सितंबर को गाँ के ही चार दबंग युवकों ने 19 साल की दलित लड़की के साथ खेत में गैंगरेप किया था। पुलिस ने शुरुआत में इस मामले में बेहद लापरवाही दिखायी। रेप की धाराओं में केस दर्ज न करके छेड़खानी का मामला दर्ज किया।

घटना के नौ दिन बाद जब पीड़ित होश में हाई तो उसने अपनी आपबीती सुनायी। डाक्टरी परीक्षण में गैंगरेप की पुष्टि हुई। अब हाथरस पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ़्तार कर लिया है। पीड़ित के परिजनों ने गाँव के ठाकुरों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। गैंगरेप करने वालों ने पीड़िता की जीभ काट दी थी। यही नहीं, उसकी रीढ़ की हड़्डी भी तोड़ दी थी। उसके चिल्लाने की आवाज़ सुनकर उसकी माँ वहाँ पहुँच गयी और आरोपी फ़रार हो गये, वरना इरादा तो मार डालने का ही था।

पीड़िता को नाज़ुक हालत में पहले ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफ़र किया गया। बाद में हालत और बिगड़ी तो दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ आज सुबह उसकी मौत हो गयी।


 


Related