पेट्रोल-डीज़ल में लगी आग के ख़िलाफ यूपी कांग्रेस का प्रदर्शन, लल्लू गिरफ्तार

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी के खिलाफ उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता आज सड़कों पर उतर आए। पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह जगह विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और उनके साथ प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लखनऊ में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से जुलूस निकाला था, लेकिन उन्हें विधानसभा की ओर जाने से रोक दिया गया और हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें बसों में भरकर ईको गार्डन ले जाया गया। अजय कुमार लल्लू पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ इक्का गाड़ी खींचकर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे।

 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढोतरी के खिलाफ पार्टी पूरे राज्य में प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा जब पूरा देश कोरोना महामारी से परेशान है तो सरकार पेट्रोल-डीजल महंगा कर उन्हें और परेशानी में डाल रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरी हैं लेकिन भारत सरकार कुछ उद्योगपतियों के फायदे के लिए आम आदमी की जेब काट रही है।

वहीं कांग्रेस महासचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि “आज 19वें दिन लगातार भाजपा सरकार ने डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ाकर ये बात साफ कर दी है कि भाजपा को इस संकट के समय भी पब्लिक की जेब काटने में ज्यादा रुचि है।

आज पूरे यूपी में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। जनता इस लूट को बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है”।

इसके पहले बुधवार को प्रियंका गाधी ने ट्वीट कर कहा कि “इस संकट के समय केंद्र सरकार ने जनता की जेब काटने का इतिहास रचा है। Diesel अब Petrol के रेट को पार कर चुका है। जबकि दुनिया भर में कच्चे तेल के दाम में भारी गिरावट है।

लूट का तरीका देखिए। सरकार हर दिन कुछ पैसे बढ़ाती है ताकि एक साथ 8 रू या 9 रू की लूट न दिखे… महामारी से पैदा हुई आर्थिक तबाही में भी जनता को क्यों परेशान किया जा रहा है?”

प्रयागराज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह प्रदर्शन शहर के बालसन चौराहे पर हुआ। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपवास पर बैठकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मथुरा में डीजल एवं पेट्रोल की अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध में गांधी प्रतिमा के नीचे कांग्रेसी धरने पर बैठे और कहां की आजादी के बाद पहली बार डीजल के दाम पेट्रोल के दाम से ज्यादा हुए हैं मोदी जी बढ़े हुए दामों को वापस लीजिए वरना इस मुद्दे पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

यूपी के हरदोई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों के विरोध में घोड़ा गाड़ी पर मोटरसाइकिल रखकर विरोध जुलूस निकाल। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बीजेपी ने चुनाव में महंगाई पर जो नारे गढ़े थे, वो जुमले साबित हुए।

बस्ती जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल को पैदल चलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस में झड़प भी हुई।