कांग्रेस ने जारी किया ‘भर्ती विधान’: 20 लाख रोज़गार, प्रतियोगी परीक्षाओं का कैलेंडर और छात्रसंघ बहाली!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


कांग्रेस पार्टी ने आज युवा घोषणापत्र रिलीज किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यूपी के युवाओं के भविष्य के लिए खोखले शब्द नहीं, किस तरह हम आपको रोजगार दिलाएंगे। इस घोषणापत्र में हमने यही लिखा है।

उन्होंने कहा कि, “ये घोषणापत्र बनाने के लिए पार्टी ने यूपी के युवाओं से बात की है और उनकी आकाक्षांओं को इसमें डाला है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम देश के युवाओं को सालाना दो करोड़ रोजगार देंगे लेकिन जो हो रहा है वह आप जानते हैं।”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष में केंद्रीय भूमिका में था। आज देश प्रदेश के युवाओं को एक नये विजन की जरूरत है। यह कांग्रेस ही दे सकती है। भाजपा यह विजन नहीं दे सकती। आपने 40 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी पैदा कर दी तो यह बुरा है।

युवाओं का भरोसा बहाल करेंगे…

घोषणापत्र के रिलीज के मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “युवाओं का उत्साह टूट गया है। हम युवाओं को भरोसा देना चाहते हैं कि हम कैसे उनका भरोसा बहाल करेंगे, कैसे रोजगार देने में उनकी मदद करेंगे।”

उन्होंने कहा कि इस भर्ती विधान में पांच सेक्शन हैं, जिनमें युवाओं की अलग अलग समस्याओं पर फोकस किया गया है। प्राथमिक विद्यालयों में 1.5 लाख खाली पद भरे जाएंगे। माध्यमिक, उच्च शिक्षा, पुलिस आदि विभागों में खाली पदों को भरा जाएगा।

खाली सभी पदों को भरा जाएगा…

संस्कृत के शिक्षक, उर्दू के शिक्षक, आंगनबाड़ी, आशा आदि में खाली सभी पदों को भरा जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में नौजवानों का जो भरोसा टूटा है, उसे बहाल करने के लिए सभी परीक्षाओं के फॉर्म के लिए शुल्क माफ होंगे और बस, ट्रेन यात्रा फ्री होगी।

इसके अलावा एक परीक्षा कैलेंडर जारी होगा, जिसमें भर्ती विज्ञापन, परीक्षा, नियुक्ति की तारीखें दर्ज होंगी और इसका उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरक्षण के घोटाले को रोकने के लिए हर भर्ती के लए सामाजिक न्याय पर्यवेक्षक होंगे।

उन्होंने कहा, मल्लाहों और निषादों के लिए विश्वस्तरीय संस्थान बनाया जाएगा, जिसमें उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। अति पिछड़े समुदाय के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 1 फीसदी ब्याज की दर से कर्ज दिया जाएगा।

नशे से लड़ाई..

प्रदेश के युवाओं को नशे के जाल से निकालने के लिए एक सेंटर खोला जाएगा जो युवाओं की काउंसिलिंग करेगा। इसके अलावा सांस्कृतिक क्षेत्र में युवाओं को बढ़ावा दिया जाए। हम आपके भविष्य की ठोस बात करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि, आज चुनाव में जाति पर आधारित और सांप्रदायिक प्रचार किया जा रहा है। हम चाहते हैं कि सकारात्मक बातें हों और आपके भविष्य की बातें हों ताकि आपका भविष्य उज्जवल हो सके।


Related