सपा नेताओ के घर-दफ्तर पर IT का छापा, अखिलेश ने कहा- BJP के साथ IT और CBI के लोग भी चुनाव लड़ रहे!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कुछ करीबियों और सपा नेताओं के यहां शनिवार को IT की रेड पड़ी है। तड़के लखनऊ, मैनपुरी, आगरा में फाइनेंसर के आवासों और कैंप कार्यालयों पर छापेमारी की गई है। जिनमे मैनपुरी के मनोज यादव, लखनऊ में पूर्व सीएम के ओएसडी जैनेंद्र यादव और मऊ के राजीव राय सहित करीब एक दर्जन से ज्यादा नेता शामिल हैं।

सपाईयों ने हंगामा किया तो भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई..

बताया जा रहा है कि लखनऊ में आंबेडकर पार्क के पास स्थित जैनेंद्र यादव के आवास पर शनिवार को सुबह-सुबह आयकर का छापा पड़ा । घंटों घर को खंगाला गया और कई दस्तावेज साथ ले गए। इस दौरान घर के सामने भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, मऊ में सपा नेता राजीव राय के शहर कोतवाली के सहादतपुरा स्थित कैंप कार्यालय पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम पहुंची। इस दौरान IT द्वारा राजीव राय को उनके घर में नज़र बन्द कर दिया गया, जिसकी खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। सपाईयों ने हंगामा शुरू किया तो राजीव राय के घर के बाहर भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई।

मैं लोगों की मदद करता हूं और सरकार को यह पसंद नहीं: राजीव राय

बता दें राजीव राय विभागीय जाँच में दोषी पाए गए थे। उन पर सपा सरकार में पावर कारपोरेशन के भूमिगत केबिल बिछाने के काम में भ्रष्टाचार के गम्भीर आरोप हैं। वहीं, IT की इस कार्यवाही पर राजीव राय ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा,

 आयकर विभाग के लोग मेरे घर आए। मेरा कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मेरे पास कोई अवैध पैसा नहीं है। मैं लोगों की मदद करता हूं और सरकार को यह पसंद नहीं आया। यह उसी का परिणाम है।

राजीव राय के निवास पर हुई छापेमारी पर पार्टी ने नाराजगी जताई है। राजीव राय के निवास पर हुई छापेमारी पर सपा से ज़िलाध्यक्ष लोहिया वाहिनी धीरज राजभर ने कहा,

आज अचानक सुबह किसी विभाग के लोग आए हैं, हमें अंदर जाने नहीं दे रहे, कुछ बता भी नहीं रहे कि क्या कार्रवाई चल रही है। अंदर से दरवाजा बंद है।

 12 गाड़ियों से राजकीय ठेकेदार, सपा नेता मनोज यादव के घर IT का छापा..

इसके अलावा, मैनपुरी में आयकर विभाग की टीम ने सुबह 6 बजे ही आरसीएल ग्रुप के मालिक एवं सपा नेता मनोज यादव के घर पर छापा मारा। 12 गाड़ियों से आयकर अधिकारी यहां पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में लोग इस छापेमारी की जानकारी लेने के लिए उनके घर के आस पास पहुंचे। पुलिस फोर्स ने सपा नेता के घर को घेर लिया। किसी को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। बता दें कि राजकीय ठेकेदार मनोज यादव सपा के बेहद करीबी हैं।

आईटी और सीबीआई के लोग भी चुनाव लड़ रहे हैं: अखिलेश यादव

आयकर विभाग की टीम के छापेमारी पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव केन्द्र और राज्य सरकार पर आक्रामक हो गए। उन्होंने रायबरेली में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा के साथ केंद्रीय एजेंसियों भी चुनाव लड़ रहीं हैं। उन्होंंने कहा कि आम जनता को इस सरकार ने अपमानित किया है और किसानों की हत्या हुई, उनको आतंकी बताया। अखिलेेश ने कहा, अभी IT की टीम आई है, अब ED के लोग भी आएंगे। अगर उनके पास पहले से जानकारी थी तो कार्रवाई पहले हो जानी चाहिए थी, यह कार्रवाई चुनाव से दो महीने पहले की जा रही है।

जिससे पता चलता है कि आईटी और सीबीआई के लोग भी चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले भी बंगाल में जिस तरह से केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन जनता ने बीजेपी को हरा दिया। जनता भाजपा सरकार से काफी नाराज है और अब उसकी नजर सपा की ओर है। इससे भाजपा के होश उड़ गए हैं और अब वह एजेंसियों का सहारा ले रही है। यह कोई नई बात नहीं है लेकिन लोगों ने मन बना लिया है और 2022 के चुनाव में बीजेपी का सफाया हो जाएगा।


Related