पुलिस हिरासत में मारे गए अरुण वाल्‍मीकि के परिजनों से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने उनके समाज से मांगा कांग्रेस के लिए प्रत्‍याशी!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को आगरा पहुंची थीं। जहां उन्होंने एक बड़ा ऐलान किया है। प्रियंका गांधी ने पुलिस हिरासत में मारे गए अरुण वाल्मीकि के परिवार से मिलने के बाद संवाददाताओं से कहा कि आगरा से कांग्रेस पार्टी का उम्मीदवार वाल्मीकि समाज से होगा।

प्रियंका ने यह जानकारी देते हुए कहा, ”मैंने वाल्मीकि समाज से पूछा है कि यहां का चुनाव लड़ने के लिए आप हमें अपने समाज से एक ऐसा नाम दें, जो उनकी ओर से कांग्रेस पार्टी का उम्मीदवार बन सके।”

प्रियंका ने चूड़ी निर्माताओं और इस उद्योग से जुड़ीं महिलाओं से भी की मुलाकात..

बता दें कि कल प्रियंका गांधी फिरोजाबाद के सिरसागंज में गिरधारी लाल इंटर कॉलेज मैदान में शक्ति संवाद में शामिल होने गई थीं। शक्ति संवाद से पहले वो मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला तिरुकिया गईं। वहां प्रियंका ने चूड़ी निर्माताओं और इस उद्योग से जुड़ीं महिलाओं से मुलाकात की। यहां उन्होंने सितारा देवी जाटव से मिलकर उनके चूड़ी उद्योग के कार्य की वर्तमान स्थिति जानी और उनसे चूड़ी की ‘जुड़ी जुड़ाई’ की प्रक्रिया जानी। इस दौरान प्रियंका ने कहा कि हमारा शक्ति विधान (महिला घोषणापत्र) इन महिलाओं को उनकी मेहनत का हक दिलाने का विधान है।

प्रियंका ने शक्ति संवाद को भी संबोधित किया..

इसके बाद प्रियंका गांधी फिरोजाबाद पहुंचीं। यहां उन्होंने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ शक्ति संवाद को संबोधित किया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने महिलाओं की समस्याएं सुनी। प्रियंका गांधी ने कहा, ‘भाजपा को लगता है कि सिर्फ सिलेंडर देने से आप उन्हें वोट देंगी। चुनाव से पहले ऐसी पार्टियां घोषणाएं करती हैं , 5 साल से हैं सत्ता में लेकिन कुछ नहीं किया। अब आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ रहा है।

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कांग्रेस इस चुनाव में जमीन पर अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटी है इस कार्य में प्रियंका गांधी मुख्य भूमिका निभाती नजर आ रही हैं, जो महिलाओं को सशक्त बनाने के वादे के साथ सत्ता में आने का प्रयास कर रही हैं। वहीं, राज्य की 403 सीटों वाली 18वीं विधानसभा के लिए ये चुनाव नए साल में फरवरी से अप्रैल के बीच संभव हैं।


Related