नैनीताल में खुर्शीद के घर में पर आगजनी-पथराव, BJP कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


कई दिनों से अपनी नई किताब में कथित तौर पर हिंदुत्व की तुलना आतंकवादी संगठनों से करने के पर विवादों में रहे सलमान खुर्शीद के रामगढ़ बंगले में सोमवार को कुछ प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी और पथराव भी किया। आग से खुर्शीद के बंगले का दरवाज़ा जल गया और कई खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। बंगले के केयर टेकर ने छह राउंड हवाई फायरिंग का भी आरोप लगाया है। हमले की सूचना मिलते ही पुलिस खुर्शीद के घर पहुंच गई। कांग्रेस नेता ने इस घटना की जानकारी फेसबुक पर साझा की है। बताया जा रहा है कि बदमाशों के हाथ में बीजेपी का झंडा था और वे सांप्रदायिक नारे लगा रहे थे।

यह हिंदुत्व नहीं हो सकता: सलमान खुर्शीद

सलमान खुर्शीद ने घर पर हुए हमले के बाद कहा कि, ” यह हमला मुझ पर नहीं हिंदू धर्म पर है। मेरे घर के दरवाजे बातचीत के लिए हमेशा खुले हैं। इस घटना ने साबित कर दिया कि मैं सही था। उन्होंने सवाल करते हुए कहा, क्या मेरा अभी भी यह कहना गलत है कि यह हिंदुत्व नहीं हो सकता?

यह शर्मनाक है… सलमान ने भारत को गौरवान्वित किया: शशि थरूर

इस घटना की निंदा करते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी लिखा कि यह शर्मनाक है। सलमान खुर्शीद एक ऐसे नेता हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को गौरवान्वित किया है। हमारी राजनीति में असहिष्णुता के बढ़ते स्तर की सत्ता में बैठे लोगों को निंदा करनी चाहिए।

प्रदर्शनकारी ने घर के परिसर में ही पुतला फूंका..

दरअसल, भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद की किताब में लिखे उनके विचारों के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को भाजपा रामगढ़ मंडल ने नैनीताल के रामगढ़ में खुर्शीद के बंगले के बाहर पुतला दहन का कार्यक्रम रखा था। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी दिन में करीब 1 बजे उनके बंगले के परिसर में पुतला जलाने पहुंचे। वहां तैनात केयर टेकर्स ने विरोध किया लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने और परिसर में ही पुतला फूंका।

इससे विवाद बढ़ गया और इसी बीच कुछ अराजक तत्वों ने पुतले की आग से ही बंगले का दरवाज़ा भी जलाकर पथराव शुरू कर दिया। केयर टेकर्स के मुताबिक, आगजनी करने वाले और पथराव करने वाले बीजेपी कार्यकर्ता थे। आरोप है कि पुतला फूंकने पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने केयर टेकर के परिवार और यहां काम करने वाली स्थानीय महिलाओं के साथ बदसलूकी की। उसके बाद ही वहां स्थिति बिगड़ गई। इससे केयर टेकर्स के परिजन भी नाराज़ हो गए और प्रदर्शनकारियों पर बरसने लगे। इसके बाद ही घर पर पथराव किया गया और घर में आग लगा दी गई।

20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज..

जहां एक तरह केयर टेकर्स ने इस हिंसक घटना के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी ओर भाजपा के रामगढ़ मंडल अध्यक्ष कुंदन चिलवाल ने कहा, ”हमारे कार्यकर्ताओं ने घर में आग नहीं लगाई है। वहां मौजूद महिलाओं की कार्यकर्ताओं से अनावश्यक बहस हो रही थी। इस पर हमने कार्यकर्ताओं को वहां से चले जाने को कहा था। हमारे जाने के बाद यह घटना हुई। हम खुद वापस आए और आग बुझाने में मदद की। हालांकि, कुछ रिपोर्ट के मुताबिक, घर पर हमला करने वाले उपद्रवियों के हाथ में BJP का झंडा था। सभी नारे लगाते हुए उनके घर में घुस गए।

हमले की सूचना मिलते ही पुलिस खुर्शीद के घर पहुंच गई और आग बुझाई गई। घर के बाहर हमले के बाद से पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रशासन स्थिति पर नज़र रखे हुए है। नैनीताल के भोवाली थाना प्रभारी भूपिंदर सिंह धोनी ने बताया कि सलमान खुर्शीद के घर तोड़फोड़ की घटना में 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें एक राकेश कपिल और 19 अज्ञात हैं। उन्होंने बताया कि खुर्शीद के घर के केयर टेकर सुंदर राम की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

विश्व हिंदू परिषद ने दी थी खुर्शीद की जुबान काटने की धमकी..

गौरतलब है कि शाहजहांपुर में विहिप (VHP) ने शनिवार को सलमान खुर्शीद का पुतला फूंका। इतना ही नहीं विश्व हिंदू परिषद ने खुर्शीद की जुबान काटने की धमकी भी दी थी। इस दौरान विहिप कार्यकर्ताओं ने कहा था कि ऐसे लोगों को पाकिस्तान भेज देना चाहिए।


Related