पंजाब में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे 22 किसान संगठन, बनाया नया मोर्चा, नेतृत्व करेंगे बलबीर सिंह राजेवाल!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


साल भर से ज़्यादा चले किसान आंदोलन में शामिल पंजाब के 22 किसान संगठन विधानसभा चुनाव में उतरेंगे। किसान संगठनों ने संयुक्त समाज मोर्चा नाम की पार्टी का गठन किया है। यह मोर्चा पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। पार्टी का नेतृत्व बलबीर सिंह राजेवाल करेंगे। इसकी घोषणा चंडीगढ़ में की गई है। किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि हमें व्यवस्था बदलने की जरूरत है और वह लोगों से इस मोर्चे का समर्थन करने की अपील करना चाहते हैं।

भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां यूनियन शामिल नहीं…

बता दें कि इस 22 संगठनों में पंजाब का सबसे मजबूत भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां यूनियन शामिल नहीं है। यह राजनीति में नहीं आने के अपने फैसले पर अडिग है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उग्राहन ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी जत्थबंदी का काम राजनीति नहीं है, बल्कि उन्हें किसानों और जनहित के मुद्दों से मतलब है। शनिवार को उग्राहन ने दोहराया कि उनकी जत्थाबंदी चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी। बता दें कि चुनाव में उतरने जा रहे 22 किसान संगठन पंजाब के उन 32 किसान संगठनों में से हैं, जिन्होंने तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ एक साल से अधिक समय तक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

राजनीति करना और चुनाव लड़ना हर संघ का अधिकार…

दरअसल, शुक्रवार देर शाम तक मुल्लांपुर के गुरशरण कला भवन में 32 किसान समूहों की बैठक हुई थी। बैठक के बाद पांच किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि 32 किसान संघ किसान संघर्ष के लिए एकजुट हैं। साथ ही राजनीति करना और चुनाव लड़ना हर संघ का अधिकार है। इस बारे में सबकी अलग-अलग राय हो सकती है। वहीं, किसान नेता हरमीत सिंह कादियान ने कहा कि अगले साल की शुरुआत में पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए संयुक्त समाज मोर्चा का गठन किया गया है।


Related