पीयूष जैन के बाद अब SP के MLC पुष्पराज जैन के ठिकानों पर IT का छापा, क्या पुष्पराज जैन के धोखे में पीयूष जैन पर हुई कार्रवाई?

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
देश Published On :


उत्तर प्रदेश के कन्नौज में इत्र कारोबारी के यहाँ छापेमारी की कार्यवाही फिर शुरू हुई है। लेकिन इस बार यह कारोबारी पीयूष जैन नही बल्कि कन्नौज शहर स्थित समाजवादी पार्टी के एमएलसी पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी जैन और अयूब मियां हैं। इन दोनो इत्र कारोबारियों के आवास और कारखानों में आईटी की टीमों ने छापा मारा है। पुष्पराज जैन के कानपुर, कन्नौज, दिल्ली, मुंबई और लखनऊ के 35 ठिकानों पर आयकर की जांच जारी है। बता दें कि कर चोरी की आशंका पर यह कार्रवाई की जा रही है। इत्र कारोबारी पुष्पराज जैन अखिलेश यादव के करीबी हैं और उन्होंने हाल ही में समाजवादी इत्र लॉन्च किया था। अखिलेश यादव का आज, 31 दिसंबर को कन्नौज में पम्मी जैन के घर जाने का भी कार्यक्रम था। वह पुष्पराज जैन को साथ लेकर प्रेस वार्ता करने आ रहे थे। इससे पहले ही आईटी ने छापेमारी कर दी।

आईटी टीम ने सुबह 7 बजे की छापेमारी..

आईटी टीम के सदस्य सुबह 7 बजे ही कन्नौज में दोनों व्यापारियों के घर छापेमारी करने पहुंची। कई टीमों ने पुष्पराज जैन की कस्बा हसायन में इत्र फैक्ट्री में छापेमारी की है। इनकम टैक्स की इन टीमों ने कई वाहनों में यहां आकर कार्रवाई शुरू कर दी। यह फैक्ट्री पिछले कई सालों से बंद थी।

भाजपा ने आज पम्पी जैन के यहां छापेमारी करके बौखलाहट को दर्शाया..

इस छापेमारी के विरोध में समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा कि, “जब ये बात साबित हो गयी कि पीयूष जैन भाजपाई है और पम्पी जैन सपाई है और भाजपाई पीयूष जैन के घर करोड़ों रुपया कैश मिला है लेकिन सपा MLC पम्पी जैन पाक साफ हैं तो भाजपा ने आज पम्पी जैन के यहां भी छापेमारी करके अपनी बौखलाहट और खिसियाहट को दर्शाया है।”

जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार..

पार्टी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि, “आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी के कन्नौज में प्रेसवार्ता की घोषणा करते ही भाजपा सरकार ने सपा एमएलसी पम्पी जैन के यहां छापामार कार्यवाही करनी शुरू कर दी। भाजपा का डर और बौखलाहट साफ है, जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है!”

अखिलेश यादव कह चुके थे यह बात..

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव सर पर हैं। इससे पहले ही आयकर विभाग, जीएसटी विभाग, प्रवर्तन निदेशालय सक्रिय हो गए हैं। पीयूष जैन के यहां से करोड़ों की सम्पत्ति मिलने के बाद अब इन संस्थाओं ने पुष्पराज जैन का रास्ता घेेरा है। आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ये पहले ही कह चुके हैं कि पीयूष जैन तो गलती से इन संस्थाओं का शिकार हो गए है, जबकि बीजेपी का असली टारगेट पुष्पराज जैन थे। पीयूष जैन पर छापेमारी के बाद अखिलेश यादव ने एक जनसभा में कहा था कि भाजपा वाले तो नाम में धोखा खा गए, जिसने समाजवादी इत्र को लॉन्च किया था उसका नाम पुष्पराज जैन है।

क्या जीएसटी की रेड पहले गलती से पीयूष जैन के यहाँ पड़ी थी?

अखिलेश ने कहा था कि इन लोगों को किसी ने गलत सूचना दे दी और वे पीयूष जैन के घर पहुंच गए जहां बीजेपी के लोगों का पैसा छिपा हुआ था। ऐसे में अब सवाल यह उठ रहा है कि आज इत्र कारोबारी और समाजवादी पार्टी के एमएलसी पुष्पराज जैन के यहां पड़ी आयकर विभाग की छापेमारी पर अखिलेश यादव ने जो कहा वह सच था? क्या जीएसटी की रेड पहले गलती से पीयूष जैन के यहाँ पड़ी थी और असल में वह पुष्पराज जैन के यहां पड़ने वाली थी?


Related