सात महीने का रिकॉर्ड ब्रेक: बीते 24 घंटे में एक लाख से अधिक मामले, ओमिक्रॉन के केस 3000 के पार…

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
Corona Published On :


देश में कोरोना की रफ्तार दिन-ब-दिन बेलगाम होती जा रही है। कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ इसका नया वैरिएंट ओमिक्रॉन भी देश में तीसरी लहर लाने में बराबर भागीदार है।कई राज्यों में सख्त कदम उठाने के बावजूद कोरोना की रफ्तार रुकने का नाम नहीं ले रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़े के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 1 लाख 17 हज़ार नए मामले सामने आए हैं। यानी 10 दिन में मरीज़ 20 गुना बढ़ गए। आज जारी किए गए आंकड़े पिछले सात महीनों में सबसे अधिक है। इससे पहले 28 दिसंबर को मात्र छह हजार मामले सामने आए थे। वही, एक लाख मामले आखिरी बार छह जून 2021 में सामने आए थे। ओमिक्रॉन के केसों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। आज इन मामलों की संख्या 3,000 को पार कर  गई है।

यूपी में भी संक्रमण की रफ्तार तेज़…

बढ़ते मामलों के बीच मुंबई और दिल्ली के बाद अब यूपी में भी संक्रमण की रफ्तार तेज़ हो गई है। यहां बीते 24 घंटे में 2000 से अधिक कोरोना मरीज़ सामने आए हैं। बता दें कि अब देश में एक्टिव मरीज बढ़कर तीन लाख 71 हज़ार (3,71,363) हो गए हैं जो चिंताजनक है। वहीं इस जानलेवा वायरस से देश में अब तक कुल 4,83,178 लोगों की जान जा चुकी है.

कोरोना से संक्रमित देश के टॉप पांच राज्य…

  • महाराष्ट्र – 36265 मामले
  • पश्चिम बंगाल – 15421 मामले
  • दिल्ली – 15097 मामले
  • तमिलनाडु – 6983 मामले
  • कर्नाटक – 5031 मामले

बता दें कि भारत में कुल केसों में 67.29% नए मामले इन्हीं 5 राज्यों से आए हैं। वहीं, कुल मामलों के 30.97% मामले अकेले महाराष्ट्र से मिले हैं।

ओमिक्रॉन के मामले तीन हज़ार के पार..

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में ओमिक्रॉन के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 3,007 हो गई है। 3,007 मरीजों में से 1,199 मरीज़ डिस्चार्ज हो गए हैं।

  1. महाराष्ट्र- 876
  2. दिल्ली-465
  3. कर्नाटक- 333
  4. राजस्थान- 291
  5. केरल- 284
  6. गुजरात- 204
  7. तमिलनाडु-121
  8. हरियाणा- 114
  9. तेलंगाना- 107
  10. ओडिशा- 60
  11. उत्तर प्रदेश-31
  12. आंध्र प्रदेश- 28
  13. वेस्ट बंगाल- 27
  14. गोवा- 19
  15. असम – 9
  16. मध्य प्रदेश- 9
  17. उत्तराखंड -8
  18. मेघालय- 4
  19. अंडमान एंड निकोबार आइलैंड- 3
  20. चंडीगढ़- 3
  21. जम्मू कश्मीर-3
  22. पुडुचेरी – 2
  23. पंजाब- 2
  24. छत्तीसगढ़ – 1
  25. हिमाचल प्रदेश- 1
  26. लद्दाख- 1
  27. मणिपुर- 1

दिल्ली और एनसीआर के अधिकारियों को वायरस से निपटने के लिए एक साथ आना जरूरी..

दूसरी ओर देश में ओमिक्रॉन से दूसरी मौत का मामला सामने आया है। ओडिशा के बोलांगीर में 55 साल की एक महिला की ओमिक्रॉन से मौत हो गई। इससे पहले राजस्थान के उदयपुर में एक 73 साल के बुजुर्ग की इस खतरनाक वैरिएंट से मौत हुई थी। वहीं, बढ़ते मामलों के मद्देनजर गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने जोर देकर कहा कि दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र के सभी संबंधित अधिकारियों को वायरस से निपटने के लिए एक साथ आना जरूरी है। उन्होंने महामारी से निपटने के लिए दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में एक एकीकृत रणनीति तैयार करने की आवश्यकता दोहराई।


Related