कंगना रनौत के बयानों पर बरसे महाराष्ट्र सरकार के मंत्री, कहा- ‘नचनिया’ का बयान प्रतिक्रिया के लायक नहीं!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
महाराष्ट्र Published On :


नए-नए विवादित बयानों से सुर्खियों में रह रही अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा महात्मा गांधी के लिए की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए, महाराष्ट्र के मंत्री और कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने उन्हें ‘नचनिया’ कहा है। साथ ही उन्हें कंगना के बयानों पर ध्यान न देने की हिदायत दी है।

सूर्या पर थूकने वाले के चेहरे पर वापस गिरता है थूक..

दरअसल, कंगना रनौत ने मंगलवार को महात्मा गांधी को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद वह विपक्षी दलों से घिरी हुई हैं। विजय वडेट्टीवार ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि कंगना के बयानों पर ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए। कोई नाचने वाली अगर महात्मा गांधी जैसे व्यक्ति पर टिप्पणी करती है तो मुझे नही लगता यह प्रतिक्रिया के लायक है। उन्होंने कहा, “वह महात्मा गांधी पर टिप्पणी करने के लायक नहीं है। वह एक ‘नचनिया’ है, जिसे विवादास्पद लोगों में से एक माना जाता है। उन्होंने कंगना पर तंज कसते हुए कहा कि महात्मा गांधी पर कंगना की टिप्पणी सूरज पर थूकने के समान है। अगर आप सूरज पर थूकते हैं, तो थूक आप पर ही पड़ता है।

कंगना द्वारा दिए गए बयान..

गौरतलब है कि कंगना रनौत ने एक टीवी शो के दौरान कहा था कि 1947 में देश को जो आज़ादी मिली वह भीख में मिली थी। असल में आज़ादी 2014 में मिली है, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था। विवाद अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि रनौत ने मंगलवार को दावा किया था कि सुभाष चंद्र बोस और भगत सिंह को महात्मा गांधी से कोई समर्थन नहीं मिला था। उन्होंने गांधी के अहिंसा के मंत्र का मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि दूसरा गाल आगे करने से आपको भीख मिलती है, आज़ादी नहीं।