प्रियंका गांधी का योगी को पत्र- ‘क़ानून व्यवस्था ठीक करें, जनता परेशान है!’

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
राजनीति Published On :


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की भयावह कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। प्रियंका गांधी ने फेसबुक पर लिखा है कि “उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले दिनों एक के बाद एक अपहरण की घटनाओं की खबरें भी आईं। कई जगह प्रशासन का इन घटनाओं के प्रति लचर और टाल मटोल वाला रवैया रहा है।

गाजियाबाद में विक्रम त्यागी जी लगभग एक महीने से गुमशुदा हैं। उनका परिवार लगभग पिछले एक महीने से पुलिस से गुहार लगा रहा है लेकिन पुलिस प्रशासन की तरफ से कोई ठोस एक्शन नहीं लिया गया है।

मैंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महोदय को पत्र लिखकर यूपी में बढ़ रहे अपराध पर रोक लगाने व इन घटनाओं पर त्वरित एवं सख्ती से एक्शन लेने की अपील की।

आशा है कि इसको संज्ञान में लेकर यूपी सरकार उत्तर प्रदेश की जनता को एक भयमुक्त शासन देगी।”

https://www.facebook.com/priyankagandhivadra/photos/a.274251800182046/630777444529478/?type=3&theater

मुख्यमंत्री के नाम पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा है कानपुर, गोंडा, गोरखपुर की घटनाएं आपके संज्ञान में होंगी। मैं गाजियाबाद के एक परिवार की पीड़ा की तरफ आपका ध्यान खींचना चाहती हूँ। मेरी इस परिवार से बात हुई है।

प्रियंका गांधी ने पत्र में लिखा है कि गाजियाबाद के व्यवसायी श्री विक्रम त्यागी लगभग एक महीने से गुमशुदा हैं। परिवार की आशंका है कि उनका अपहरण हो गया है। बार-बार आग्रह के बाद भी पुलिस-प्रशासन की तरफ से कोई ठोस ऐक्शन नहीं हो रहा है। दो दिन पहले हमारी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल उनके परिजनों से भी मिला था। वे बहुत ही चिंतित और परेशान हैं। उन्होंने पत्र में लिखा है कि कृपया उनकी मदद करें और पुलिस अधिकारियों को सख़्ती से निर्देशित करें कि पूरी तरह से उनकी सहायता की जाए।

कांग्रेस महासचिव ने पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश में अपहरण की घटनाएँ तेजी से बढ़ रही हैं। कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। इस समय इन मामलों के प्रति पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पूरी मुस्तैदी और दक्षता से कार्यवाही करें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ठीक करें। जनता परेशान है।

इसके पहले सोमवार को भी प्रियंका गांधी ने यूपी में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि “क्या यूपी के मुखिया ने खबरें देखना छोड़ दिया है? क्या गृह विभाग में बैठे लोगों के सामने ये खबरें नहीं जाती?

यूपी में हर दिन गुंडाराज के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। सीएम के गृहक्षेत्र में अपहरण की घटना घटी है। कासगंज में हत्याकांड।

लेकिन दिखावे के लिए कुछ ट्रांसफर के अलावा और कुछ होता ही नहीं है। जंगलराज बढ़ता जा रहा है।”

 



 


Related