चीनी घुसपैठ और तेल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेस करेगी, दो दिन का राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
राजनीति Published On :


भारतीय सीमा पर चीनी घुसपैठ और पेट्रोल- डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस 26 और 29 जून को कोरोना महामारी के चलते सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए पूरे देश में विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी। 26 जून को पार्टी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए ‘शहीदों को सलाम दिवस’ के रूप में मनाएगी जबकि 29 जून को पेट्रोल और डीजल के दामों में हो रही बढ़ोतरी का देशभर में विरोध करेगी।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि 26 जून को कांग्रेस ‘शहीदों को सलाम दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस दिन पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और देश के विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और दूसरे स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं अथवा ‘शहीद स्मारकों’ के सामने धरना देंगे।

कांग्रेस ने एलान किया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता 26 जून को दिन में 11 से 12 बजे के बीच मोमबत्ती एवं दीप जलाकर कुछ पल मौन रखेंगे और शहीदों को श्रद्धांजलि दी देंगे। इस दौरान कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज लिये रहेंगे और कोई भी नारेबाजी नहीं करने को कहा गया है। कांग्रेस इसी दिन सोशल मीडिया पर “Speak up for Our Jawans” नामक से अभियान भी चलाएगी, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक अपनी भावना व्यक्त करते हुए वीडियो पोस्ट करेंगे।

कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ 29 जून को कांग्रेस कार्यकर्ता दिन में 10 से 12 बजे के बीच देश भर के जिला मुख्यालय पर धरना देंगे। धरने के अंत में जिला प्रशासन के जरिये राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजे जाएंगे। इस दिन भी कांग्रेस सोशल मीडिया पर “Speak-Up on Petroleum Price hike” अभियान चलाएगी।

तेल की बढ़ती कीमतों पर राहुल-प्रियंका ने उठाए सवाल-

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि  “मोदी सरकार ने कोरोना महामारी और पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें “अन्लॉक” कर दी हैं”।

कांग्रेस महासचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गाधी ने ट्वीट कर कहा कि “इस संकट के समय केंद्र सरकार ने जनता की जेब काटने का इतिहास रचा है। Diesel अब Petrol के रेट को पार कर चुका है। जबकि दुनिया भर में कच्चे तेल के दाम में भारी गिरावट है।

लूट का तरीका देखिए। सरकार हर दिन कुछ पैसे बढ़ाती है ताकि एक साथ 8 रू या 9 रू की लूट न दिखे… महामारी से पैदा हुई आर्थिक तबाही में भी जनता को क्यों परेशान किया जा रहा है?”


मीडिया विजिल का स्पॉंसर कोई कॉरपोरेट-राजनैतिक दल नहीं, आप हैं। हमको आर्थिक मदद करने के लिए – इस ख़बर के सबसे नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।

हमारी ख़बरें Telegram पर पाने के लिए हमारी ब्रॉडकास्ट सूची में, नीचे दिए गए लिंक के ज़रिए आप शामिल हो सकते हैं। ये एक आसान तरीका है, जिससे आप लगातार अपने मोबाइल पर हमारी ख़बरें पा सकते हैं।  

इस लिंक पर क्लिक करें