यूपी: राजस्थान मामले में काँग्रेस का प्रदर्शन, 6 माह में 21वीं बार गिरफ़्तार हुए लल्लू!

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


राजस्थान में जारी राजनीतिक घमासान देश के अन्य राज्यों में पहुंच गया है। गहलोत सरकार की विधानसभा का सत्र बुलाने की मांग को राज्यपाल द्वारा नहीं माने जाने और विधानसभा सत्र बुलाने की राजस्थान सरकार की फाइल को लौटा देने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राजभवन के सामने प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस महासचिव पीएल पूनिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यकर्ता राजभवन के सामने धरने पर बैठ गए। लेकिन पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया।

वहीं राजभवन पर प्रदर्शन करने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय से निकले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर अस्थाई जेल इको गार्डेन भेज दिया है।

दरअसल राजस्थान मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी ने देश के सभी राज्यों के राजभवनों के बाहर प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। इसी के तहत उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राजभवन के सामने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और पीएल पुनिया समेत कई नेताओं ने धरना प्रदर्शन करने पहुंचे थे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा राजस्थान में चुनी हुई सरकार को गिराने की साजिश कर रही है। भाजपा के इशारे पर राजस्थान में सरकार को गिराने का खेल चल रहा है। लल्लू ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उन पर जितना भी जुल्म करे लेकिन वो अपनी बात कहने से पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने कहा कि पिछले 6 महीने से भी कम समय में 21वीं बार गिरफ्तार किया गया। धरना-प्रदर्शन यह अधिकार हमें हमारे संविधान ने दिया है। यह सरकार किस बात डरी है?

भाजपा सरकार सुन लो ! लोकतंत्र की हत्या नहीं सहेंगे।

कांग्रेस नेता पीएल पूनिया ने कहा कि “भाजपा सत्ता के दम पर संविधान के साथ खिलवाड़ कर सकती है लेकिन कांग्रेस को जनता के जनमत द्वारा बनी हुई सरकार को बचाने के लिए संघर्ष करने नहीं रोक सकती। हमने अंग्रेजों के दमन चक्र को तोड़ा है भाजपा के दंभ को भी तोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर आप सत्ता के दम पर संविधान की गरिमा को गिराएंगे तो हम सड़क पर बैठकर आपकी सरकार हिलाएंगे”।

 


 

 


Related