फसल कटाई के विवाद में बदायूं में दलित को पेड़ से बांधकर पीटा, उखाड़ ली मूंछ

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


उत्तर प्रदेश के के बदायूं में कथित रूप से ऊंची जाति के दबंगों की दबंगई का मामला सामने आया है। घटना बदायूं के हजरतपुर थाना क्षेत्र के आजमपुर बिसैरिया गाँव की है जहां ऊंची जाति के दबंगों ने एक एक दलित व्यक्ति की पिटाई करते हुए उसकी मूंछ उखाड़ ली।

पीड़ित सीताराम वाल्मिकी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 23 अप्रैल की शाम गांव के ही रहने वाले विजय सिंह, पिंकू सिंह, विक्रम सिंह और शैलेंद्र सिंह  ने उससे अपनी खेत में लगे गेहूं काटने को कहा। जब उसने कहा कि वो अपनी खेत का गेहूं काट रहा है, काम खत्म हो जाने पर वो उनकी फसल को काट देगा। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए उसे पीटा।

सीताराम के अनुसार उसने इसका विरोध किया तो चारों उसे मारपीट कर जबरदस्ती गांव के चौपाल पर ले गए। यहां पेड़ से बांधकर उसे पीटा गया और उसकी मूंछ उखाड़ ली गई। इस दौरान उसे जलील किया गया। पीड़ित ने बताया कि किसी तरह वो दबंगों के चंगुल से छूटकर थाने पहुंचा लेकिन वहां उसकी शिकायत नहीं सुनी गई। बाद में डर की वजह से सीताराम, बरेली स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर चला गया। 25 अप्रैल को आरोपी वहां भी आ पहुंचे और उन्होंने उसे परिवार समेत मार डालने की धमकी दी।

सीताराम ने बताया कि इसके अगले दिन यानी 26 अप्रैल को उसने डायल 100 सेवा पर फोन कर अपने साथ हुई घटना की शिकायत की। इसके बाद बदायूं के एसएसपी अशोक कुमार के आदेश पर रविवार को इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस की जांच में पीड़ित दलित व्यक्ति से मारपीट की पुष्टि हुई है।


फर्स्टपोस्ट से साभार 


Related