CAA: दिल्ली में भारी उपद्रव, हिंसा और आगजनी, तीन की मौत, पुलिस मुख्यालय पर धारा 144

मीडिया विजिल मीडिया विजिल
ख़बर Published On :


दिल्ली में सोमवार की सुबह मौजपुर में नागरिकता संशाेधन विरोधी कानून के विरोध स्थल से भड़की हिंसा ने देर शाम तक समूची उत्तर पूर्वी दिल्ली को चपेट में ले लिया। हालात बेकाबू हो गए हैं। जगह-जगह सीएए विरोधी और समर्थक आपस में भिड़ रहे हैं। ख़बर लिखे जाने तक तीन लोगों के मारे जाने की सूचना है जिनमें एक व्यक्ति दिल्ली पुलिस का सिपाही रतन लाल है। प्रदर्शनों की आशंका में पुलिस मुख्यालय के क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गयी है।

दिन में जाफ़राबाद में एक युवक को पिस्तौल लहराते देखा गया था जिसने पुलिस पर फायरिंग की। उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान शाहरुख के रूप में की गयी है। इस बीच भीड़ ने कुछ दुकानों को अलग अलग इलाकों में आग लगायी है और लोगों को मारा पीटा गया है।

रायटर्स के फोटोग्राफर की खी़ंचीं दो तस्वीरें वायरल हो रही हैं जिसमें भीड़ एक शख्स को घेरकर मारती दिख रही है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिपाही की मौत पर दुख जताया है और लिखा है कि उन्होंने और फोर्स भेजने के लिए लेफ्टिनेंट गवर्नर से कहा है।

इस बीच देश के गृहमंत्री अमित शाह की ओर से कुछ बयान देखने को नहीं मिला है। वे प्रधानमंत्री के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति के अभिवादन में व्यस्त रहे, हालांकि उनके मातहत आने वाली दिल्ली पुलिस देर रात तक गिरफ्तारियां करती रही। देर शाम संसद मार्ग थाने से स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव सहित दो दर्जन को गिरफ्तार किया गया।

बंगला साहिब और आइटीओ से भी गिरफ्तारियों की ख़बर है।

फिलहाल हिंसा पूर्वी दिल्ली तक फैल चुकी है। भजनपुरा से लेकर चांद बाग और ज़ाफराबाद आदि इलाकों में भारी तनाव है। खबर विस्तार से मंगलवार को अपडेट की जाएगी।

 


Related