इंस्टाग्राम बॉएज़ लॉकर रूम मामले में पुलिस की कार्रवाई में छात्रों की धरपकड़ जारी

आदर्श तिवारी
ख़बर Published On :


बॉयज लॉकर रूम नाम के इंस्टाग्राम ग्रुप का भयानक और शर्मनाक स्कैंडल सामने आने के बाद, दिल्ली महिला आयोग के आदेश पर दिल्ली पुलिस के साइबर क्राइम सेल ने हरकत में आते हुए, बॉयज लॉकर रूम ग्रुप को बनाने वाले लड़के को गिरफ़्तार कर लिया है। ग्रुप बनाने वाला लड़का नोएडा से है और बालिग भी बताया जा रहा है। इसी लड़के ने अपने दोस्तों को जोड़ा था और एक अन्य लड़के को ग्रुप एडमिन बनाया था। ग्रुप में इन लड़कों द्वारा अपने साथ पढ़ने वाली लड़कियों के साथ ही अन्य कई लड़कियों की फ़ोटो शेयर की जाती थी। लड़कियों की फ़ोटो एडिट करके न्यूड फ़ोटो के साथ जोड़ दी जाती थीं। साथ ही उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती थीं।

इससे भी ज़्यादा भयावह ये था कि ग्रुप में गैंगरेप की भी प्लानिंग की जा रही थी। इसके बाद एक लड़की के स्क्रीनशॉट शेयर करने पर ये मामला सामने आया। और ट्विटर पर ट्रेंड भी करता रहा। इस मामले में 4 तारीख़ को एक नाबालिग लड़का भी गिरफ़्तार हुआ था। इन सभी लड़कों के मोबाइल को पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया है और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस की पूछताछ में ये भी सामने आया है कि इस ग्रुप में दिल्ली के साथ ही एनसीआर के भी लड़के जुड़े हुए थे। पुलिस ने ग्रुप बनाने वाले लड़के के साथ ही अन्य 5 लड़कों को भी हिरासत में लिया है। ये भी बालिग ही बताये जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है कि लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें इन लोगों तक कैसे पहुँची? पुलिस के मुताबिक ये सब छात्र बड़े और नामी स्कूलों में पढ़ते हैं। हमने इनके परिवार के सामने ही, इनसे पूछताछ की है। अन्य लोगों को भी नोटिस भेजा गया है। ग्रुप के एडमिन ने अन्य लड़कों के कहने पर ही लड़कों को जोड़ा है और वो सभी सदस्यों नहीं जानता है। 

बॉएज़ ल़ॉकर रुम मामले में पुलिस की कार्रवाई पर एएनआई की ख़बर

ट्विटर पर ट्रेंड किया तो सामने आया मामला 

दरअसल ग्रुप के ही एक लड़के ने इस ग्रुप के बारे में उस लड़की को बताया जिसकी फ़ोटो इस ग्रुप शेयर की गयी थी। साथ ही लड़के ने ग्रुप का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया। अभी तक जो बातें सामने आई हैं उनमें उस लड़के ने बताया है कि हाल-फ़िलहाल में उस ग्रुप में बहुत कम लड़के ही सक्रिय थे और उसने खुद कोई चैट ग्रुप में नहीं की थी। जिस लड़की को उसने ग्रुप के बारे में बताया उसने ही अन्य लड़कियों को इस बारे में बता दिया और सबके साथ स्क्रीनशॉट शेयर कर दिया। इसके बाद सारी बातें ट्विटर पर आ गयी। लड़कों को इस बारे में पता चलने पर उन्होंने ग्रुप डिलीट कर दिया।

अब इस मामले में पुलिस ने इंस्टाग्राम से भी मदद मांगी है साथ ही आई.पी.एड्रेस और अन्य जानकारी भी साझा करने को कहा गया है। इस मामले से संबंधित एक याचिका भी सुप्रीम कोर्ट में दाख़िल की गयी है। जिसमें बताया गया है कि यह सिर्फ़ प्राइवेसी से जुड़ा मामला नहीं है बल्कि महिला सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। 

सोशल मीडिया पर बॉयज लॉकर रूम जैसे हजारों ग्रुप हैं। महिलाओं की नग्न तस्वीर शेयर करते हजारों-लाखों सोशल मीडिया हैंडल्स हैं। जिसे लाखों लोग फॉलो करते हैं। बॉयज लॉकर रूम से जुड़े लोगों को एक उदाहरण की तरह लेते हुए। बच्चों की इस बलात्कार वाली विकृत मानसिकता को समझने की ज़रूरत है। 

पूरा मामला समझने के लिए देखें 

इंस्टाग्राम बॉयज़ लॉकर रूम स्कैंडल- कहां से आई स्कूली बच्चों में यौन हिंसा की भावना?


Related