चंदौली: मोदी की रैली से ठीक पहले दलितों पर दबंगों का जानलेवा हमला

Mediavigil Desk
ख़बर Published On :


चन्दौली विधानसभा के सकलडीहा ब्लॉक स्थित बिसुंधरी गांव में सवर्ण दबंगों ने दलितों को मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया है। यह घटना धानापुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली से ठीक पहले गुरुवार सुबह सात बजे के आसपास की है। 

चंदौली लोकसभा के लिए 19 मई को मतदान है। यहां से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय प्रत्याशी हैं। उनके खिलाफ गठबंधन प्रत्याशी संजय चौहान और कांग्रेस समर्थित जनाधिकार पार्टी से शिवकन्या कुशवाहा मैदान में हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आज यहां एक रैली हुई है।

बताया जा रहा है कि मामला मोदी की रैली में गांव के दलितों को धानापुर ले जाए जाने से जुड़ा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक ग्राम सभा बिसुंधरी के बसपा कार्यकर्ताओं को रैली में ले जाने के लिए भाजपा ने बसें लगवाई थीं। बसपा के दलित मतदाताओं ने रैली में जाने से मना कर दिया था।

इसके बाद उन्हें लेने आए भाजपा के लोगों ने इन दलितों के ऊपर भयंकर हमला कर दिया जिसमें कई घायल हो गए।

इस मामले में पुलिस ने एससी एसटी एक्ट सहित आईपीसी की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है जिसकी प्रति नीचे देखी जा सकती है। एफआईआर में सभी सवर्ण जाति के लोगों को आरोपी बनाया गया है, हालांकि इसमें ऊपर बताए गए कारण का कोई जिक्र नहीं है बल्कि शिकायतकर्ता रामाश्रय नाम के व्यक्ति ने अपने पुत्र के साथ मारपीट का हवाला देते हुए झड़प की बात कही है।

प्राथमिकी दर्ज होने का समय 11.35 बजे है। नरेंद्र मोदी की धानापुर में रैली बारह बजे के करीब थी। एफआईआर में बिसुंधरी गांव के आठ व्यक्तियों को आईपीसी की धारा 147, 148, 323, 504, 506 सहित अनुसूचित जाति और जनजाति नृशंसता निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(D) के तहत आरोपी बनाया गया है।

घायलों में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं। एक व्यक्ति को गंभीर चोट अाई है और उसे बनारस के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।


Related