सभी 542 सीटों के रुझान सामने आए, भाजपा स्‍पष्‍ट बहुमत की ओर, कांग्रेस अर्धशतक पर अटकी



आज सुबह आम चुनावों के लिए मतगणना शुरू हुई। दिन में 11 बजे के आसपास कुल 542 सीटों के रुझान निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर आ गए।

आंकड़ों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी स्‍पष्‍ट बहुमत से काफी आगे 292 सीटों पर बढ़त लिए हुए है। कांग्रेस पार्टी को 50 सीटों पर बढ़त है। तृणमूल कांग्रेस 24, बीजू जनता दल 14, जनता दल (युनाइटेड) 16, शिवसेना 20, वाइएसआर कांग्रेस 24 और बसपा 12 सीटों पर गिनती में आगे चल रही है।

दिन में 12 बजे तक एक भी सीट पर जीत-हार का आंकड़ा नहीं आया है।

राज्‍यों की स्थिति दिलचस्‍प है। उत्‍तर प्रदेश में गठबंधन मुंह की खा रहा है जहां भाजपा 56 सीटों पर आगे चल रही है जबकि सपा-बसपा-रालोद गठबंधन 21 सीटों पर आगे है। कांग्रेस मात्र एक सीट रायबरेली पर आगे चल रही है जहां से सोनिया गांधी निवर्तमान सांसद हैं। पिछली बार कांग्रेस को अमेठी और रायबरेली की दो सीटें आई थीं। इस बार अमेठी से राहुल गांधी स्‍मृति ईरानी के मुकाबले थोड़ा पीछे चल रहे हैं।

उत्‍तर प्रदेश में भाजपा ने कोई 49 फीसदी वोटों को अपनी झोली में कर लिया है। बसपा का वोट 20 फीसदी के आसपास कायम है।

दिल्‍ली में सातों सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। आम आदमी पार्टी की स्थिति कई सीटों पर तीसरी है1

गुजरात, राजस्‍थान, मध्‍यप्रदेश और छत्‍तीसगढ में भाजपा तकरीबन स्‍वीप करने की स्थिति में बढ़त बनाए हुए है। कर्नाटक में 28 में से 23 संसदीय सीटों पर भाजपा आगे है तो महाराष्‍ट्र में 48 में से 23 सीटों पर आगे है।

पश्चिम बंगाल और ओडिशा पर इस बार सबकी निगाह रही। बंगाल में कुल 42 सीटों में भाजपा 17 पर आगे चल रही है। ओडिशा में 21 सीटों मे ंसे 7 यानी एक-तिहाई पर भाजपा बढत बनाए हुए है।

झारखंड की 14 सीटों में से 11, हरियाणा की 10 सीटों में से नौ और उत्‍तराखंड व हिमाचल की क्रमश: कुल पांच और चार सीटों पर भाजपा ही आगे है।

अगर यही स्थिति बनी रही तो भारतीय जनता पार्टी स्‍पष्‍ट बहुमत लेकर सरकार बनाने की स्थिति में होगी जबकि कांग्रेस पिछली बार की 44 सीटों से शायद कुछ ही बढ़त बना पाए। राहुल गांधी का अमेठी से हारना ऐतिहासिक परिणाम होगा।


Related